भिलाई में साईं मंदिर में डकैती: गार्ड को बंधक बनाकर सोने-चांदी के मुकुट और दान पेटी की नकदी ले उड़े बदमाश

दुर्ग। भिलाई के सेक्टर-6 स्थित साईं मंदिर में देर रात बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। करीब सात नकाबपोश बदमाशों ने मंदिर में घुसकर गार्ड के साथ मारपीट की, उसे बंधक बनाया और साईं बाबा के सोने-चांदी के मुकुट समेत दान पेटी में रखी नकदी लेकर फरार हो गए। घटना रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है।
गार्ड को बांधकर बेरहमी से पीटा
गार्ड ने पुलिस को बताया कि अचानक कुछ लोग उसके पास पहुंचे और हाथ-पैर बांध दिए। आंखों पर कपड़ा बांधकर नाक दबाई गई और डंडों से जमकर पिटाई की गई। आरोपियों ने उसे कुर्सी से गिराकर कई बार पटका, जिससे वह बेहोश हो गया। उसके चेहरे और शरीर पर चोट के निशान हैं। फिलहाल उसका इलाज कराया जा रहा है।
ताले तोड़कर वारदात को दिया अंजाम
बदमाशों ने पहले मुख्य गेट का ताला तोड़ा और फिर मंदिर परिसर में घुसे। गार्ड को काबू में करने के बाद दान पेटी का ताला तोड़कर नकदी निकाल ली। इसके अलावा साईं बाबा के सोने-चांदी के मुकुट और चरण पादुका भी अपने साथ ले गए। मंदिर के कई अन्य ताले भी टूटे मिले हैं। बड़ी छत्री को तोड़ने की कोशिश की गई, लेकिन वजन ज्यादा होने के कारण आरोपी उसे ले नहीं जा सके।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सुबह घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। भिलाई नगर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। डॉग स्क्वॉड की मदद से आसपास तलाशी ली गई।
मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में सात बदमाशों के शामिल होने की बात सामने आई है। सभी नकाब पहने हुए थे, जिससे पहचान में दिक्कत आ रही है।
आसपास के घर भी निशाने पर
बताया जा रहा है कि मंदिर के पीछे स्थित कुछ घरों में भी चोरी की कोशिश की गई है। पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश में जुटी है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मंदिर प्रबंधन ने सुरक्षा बढ़ाने और रात्रि गश्त तेज करने की मांग की है।



