
रायपुर, 03 फ़रवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, रायपुर में 37वीं फेडरेशन कप वॉलीबॉल चैंपियनशिप का उद्घाटन किया। छत्तीसगढ़ राज्य वॉलीबॉल एसोशिएशन द्वारा आयोजित यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 3 से 8 फरवरी तक चलेगी, जिसमें देशभर की 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
इस चैंपियनशिप में रेलवे, सर्विसेस, इंडियन यूनिवर्सिटी सहित विभिन्न राज्यों की टीमें शामिल हैं। पुरुष वर्ग में 10 और महिला वर्ग में 6 टीमें प्रतिस्पर्धा कर रही हैं। कई टीमों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी शामिल हैं।

उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इंडोर स्टेडियम में रुककर तमिलनाडु और सर्विसेस के बीच हुआ रोमांचक उद्घाटन मुकाबला पूरा देखते रहे। कांटे के संघर्ष वाले इस मैच के समाप्त होने के बाद ही वे स्टेडियम से रवाना हुए। कार्यक्रम में विधायक सुनील सोनी भी मौजूद रहे।
उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती पर देशभर से आए खिलाड़ियों का स्वागत है। वॉलीबॉल टीमवर्क, सहयोग और समन्वय का खेल है। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने के लिए अधोसंरचना और प्रशिक्षण पर राज्य सरकार लगातार जोर दे रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि खिलाड़ियों के प्रोत्साहन हेतु वर्षों से बंद राज्य खेल अलंकरण सम्मान को पुनः प्रारंभ किया गया है। ओलंपिक में राज्य के खिलाड़ी की भागीदारी पर 21 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। स्वर्ण पदक पर 3 करोड़, रजत पर 2 करोड़ और कांस्य पदक पर 1 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की नई पहचान देश-दुनिया में बन रही है। बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजनों से खेल संस्कृति को नई ताकत मिली है।
छत्तीसगढ़ वॉलीबॉल एसोशिएशन के अध्यक्ष महेश गागड़ा ने स्वागत भाषण में आयोजन की रूपरेखा की जानकारी दी। इस अवसर पर रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के सचिव विक्रम सिसोदिया, भारतीय वॉलीबॉल संघ के महासचिव रामानंद चौधरी, मध्यप्रदेश वॉलीबॉल संघ अध्यक्ष रुद्रप्रताप सिंह, एसोशिएशन सचिव हेमप्रकाश नायक, रायपुर नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर सहित विभिन्न राज्यों के वॉलीबॉल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी और खेलप्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इन राज्यों की टीमें ले रहीं हिस्सा
पुरुष वर्ग: रेलवे, सर्विसेस, इंडियन यूनिवर्सिटी, केरल, तमिलनाडु, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, झारखंड और छत्तीसगढ़।
महिला वर्ग: रेलवे, इंडियन यूनिवर्सिटी, केरल, हरियाणा, राजस्थान और छत्तीसगढ़।



