
राजिम, 02 फ़रवरी 2026/ गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुतकैय्या खपरी में 1 फरवरी को हुई सिलसिलेवार हिंसक घटनाओं के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई थी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से फिलहाल हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। गांव में शांति बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए ग्रामीणों से अफवाहों से दूर रहने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
पुरानी रंजिश में चार जगह हिंसा
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी आरिफ खान का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह वर्ष 2024 में बावेश्वर शिव मंदिर में तोड़फोड़ के मामले में भी आरोपी रह चुका है। जमानत पर बाहर आने के बाद 1 फरवरी को उसने अपने साथियों इमरान सिद्धकी और सलीम खान के साथ मिलकर महज ढाई घंटे में चार अलग-अलग स्थानों पर हिंसक वारदातों को अंजाम दिया।
- पहला हमला: ग्राम बासीन पेट्रोल पंप के पास रेखराम यादव से मारपीट
- दूसरा हमला: धान मंडी धमनी के पास ललित कुमार साहू से मारपीट
- तीसरी वारदात (लूट): परसदाजोशी सब स्टेशन में अरविंद साहू से मारपीट कर मोबाइल व नकदी लूटी
- चौथा हमला: अरंड रोड बकली में नरेंद्र कुमार साहू पर डंडे से हमला कर मोबाइल छीना
3 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस एक्शन में आई और तकनीकी साक्ष्यों व लोकेशन के आधार पर महज 3 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत चार अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं।
ग्रामीणों के आक्रोश में झड़प, 7 जवान घायल
घटनाओं से आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में आरोपी के घर के पास एकत्रित हो गए। भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा, जिसमें 7 पुलिस जवान घायल हो गए। इनमें से एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसका इलाज रायपुर के रामकृष्ण केयर अस्पताल में चल रहा है। वहीं, दो ग्रामीण भी घायल हुए हैं, जिन्हें रायपुर रेफर किया गया है।
स्थिति पूरी तरह सामान्य
फिलहाल गांव में स्थिति शांतिपूर्ण है। थाना प्रभारी स्वयं मौके पर मौजूद हैं। एसपी वेदव्रत सिरमौर ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि किसी भी तरह की अफवाह फैलाने या शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



