
रायपुर, 19 जनवरी 2026
भारतीय जनता पार्टी को लंबे समय बाद आज नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने जा रही है। पार्टी की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार 19 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किए जाएंगे, जबकि 20 जनवरी को नए अध्यक्ष की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
फिलहाल नितिन नबीन पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और वही इस पद के सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। उन्हें 14 दिसंबर 2025 को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। माना जा रहा है कि नितिन नबीन एकमात्र उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करेंगे, जिससे उनका अध्यक्ष बनना लगभग तय है।
दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्री
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने दोनों उपमुख्यमंत्रियों के साथ दिल्ली प्रवास पर हैं। मुख्यमंत्री कल ही नई दिल्ली पहुंच चुके हैं और आज नितिन नबीन के नामांकन के दौरान मौजूद रहेंगे। इस मौके पर कई वरिष्ठ नेता भी राजधानी दिल्ली में उपस्थित रहेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री का MCB जिले में दौरा
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल आज मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले के दौरे पर रहेंगे। अपने प्रवास के दौरान वे पोड़ी, लाई, मनेंद्रगढ़ और कदरेवा में विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करेंगे।
PCC चीफ दीपक बैज की पदयात्रा
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज आज महासमुंद जिले में पदयात्रा करेंगे। मनरेगा का नाम बदलने के विरोध में वे बंदोरा क्षेत्र से ‘मरेगा बचाव संग्राम पदयात्रा’ में शामिल होंगे।



