छत्तीसगढ़रायपुर
Trending

पंचायत प्रतिनिधियों के अध्ययन भ्रमण से बदलेगी गांवों की तस्वीर, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर के प्रतिनिधियों को महाराष्ट्र के लिए किया रवाना

रायपुर, 17 जनवरी 2025।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत बस्तर संभाग के जिला पंचायतों के निर्वाचित प्रतिनिधियों के दल को प्रशिक्षण सह अध्ययन भ्रमण के लिए आज मुख्यमंत्री निवास से महाराष्ट्र के लिए रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने दो बसों को हरी झंडी दिखाकर प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं दीं और उनकी सफल एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस अध्ययन भ्रमण के माध्यम से पंचायत प्रतिनिधियों को अन्य राज्यों की सफल पंचायत व्यवस्थाओं और बेहतर कार्यप्रणालियों की जानकारी मिलेगी। इसका सीधा लाभ छत्तीसगढ़ के ग्रामीण विकास को मिलेगा। उन्होंने बताया कि यह भ्रमण केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें सांस्कृतिक आदान-प्रदान, संवाद, विचार-विमर्श, नवाचारों और पंचायत प्रतिनिधियों के दायित्वों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों का भी आदान-प्रदान होगा।

मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि वे महाराष्ट्र में छत्तीसगढ़, विशेषकर बस्तर की पहचान को मजबूती से प्रस्तुत करें और राज्य के पर्यटन, संस्कृति, जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था की जानकारी साझा करें।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी पंचायत प्रतिनिधियों को अध्ययन भ्रमण के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के एक्सपोज़र विजिट से पंचायत राज व्यवस्था और अधिक सशक्त, प्रगतिशील और विकासोन्मुख बनेगी।

उल्लेखनीय है कि पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित राष्ट्रीय ग्राम स्वराज योजना के अंतर्गत बस्तर संभाग के जिला पंचायतों के निर्वाचित प्रतिनिधियों को 18 जनवरी से 23 जनवरी 2025 तक महाराष्ट्र (मुंबई) भेजा जा रहा है। पहले चरण में कुल 60 पंचायत प्रतिनिधि और नोडल अधिकारी इस प्रशिक्षण सह अध्ययन भ्रमण में शामिल होंगे। इस दौरान प्रशिक्षण सत्रों के साथ-साथ महाराष्ट्र की उत्कृष्ट पंचायतों का भ्रमण भी कराया जाएगा। आगामी चरणों में राज्य के अन्य संभागों के पंचायत प्रतिनिधियों को भी क्रमवार अध्ययन भ्रमण पर भेजा जाएगा।

कार्यक्रम में विधायक लता उसेंडी, विधायक मोतीलाल साहू, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की संचालक प्रियंका महोबिया सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button