
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में बुधवार तड़के दिल्ली नगर निगम (MCD) ने अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की। रामलीला मैदान के पास स्थित फैज-ए-इलाही मस्जिद के आसपास अतिक्रमण वाले क्षेत्र में हाई कोर्ट के निर्देश पर अभियान चलाया गया। अवैध ढांचों को हटाने के लिए मौके पर करीब 17 बुलडोजर लगाए गए थे।
अभियान के दौरान स्थिति उस वक्त तनावपूर्ण हो गई, जब कुछ शरारती तत्वों ने पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुई पत्थरबाजी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जिसमें पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालांकि पुलिस ने हालात को जल्द ही काबू में ले लिया और अभियान जारी रखा।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, कार्रवाई से पहले कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। पूरे इलाके को नौ जोन में बांटा गया था, जहां प्रत्येक जोन की निगरानी अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रैंक के अधिकारी कर रहे थे। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। इसके अलावा, शांति बनाए रखने के लिए स्थानीय लोगों और अमन कमेटी के सदस्यों के साथ समन्वय बैठकें भी की गई थीं।
पुलिस का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, लेकिन हल्के बल प्रयोग के जरिए स्थिति को तुरंत नियंत्रण में ले लिया गया। दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए सभी न्यायिक निर्देशों को कानूनी, पेशेवर और संवेदनशील तरीके से लागू किया जा रहा है।
— मधुर वर्मा, संयुक्त पुलिस आयुक्त, सेंट्रल रेंज



