भारत माला मुआवजा घोटाला: छत्तीसगढ़ में ED का बड़ा एक्शन, रायपुर–महासमुंद में 9 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापे

रायपुर, 29 दिसंबर 2025/ छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित भारत माला परियोजना मुआवजा घोटाले में सोमवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजधानी रायपुर और महासमुंद में एक साथ छापेमारी की। ईडी की 7 अलग-अलग टीमों ने 9 ठिकानों पर दबिश दी है। इस कार्रवाई से प्रशासनिक और कारोबारी गलियारों में हड़कंप मच गया है।
ईडी की यह कार्रवाई हरमीत खनूजा, उनके सहयोगियों और राजस्व विभाग से जुड़े कुछ अधिकारियों के ठिकानों पर की जा रही है। टीमों ने सुबह तड़के दस्तावेजों और डिजिटल उपकरणों की गहन जांच शुरू की, जिसमें करोड़ों रुपये के लेन-देन से जुड़े अहम सुराग मिलने की संभावना जताई जा रही है।
महासमुंद में कारोबारी के घर ED की रेड
महासमुंद के बसंत कॉलोनी में स्थित होंडा शोरूम मालिक जशबीर सिंह बग्गा के घर पर ईडी की टीम दो गाड़ियों में पहुंची। यहां जमीन सौदों, बैंक खातों और मुआवजा वितरण से जुड़े दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है। अधिकारियों ने घर से कई फाइलें और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड जब्त किए हैं।
क्या है भारत माला मुआवजा घोटाला?
भारत माला परियोजना के तहत रायपुर से विशाखापट्टनम तक 950 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर और दुर्ग से आरंग तक सिक्स लेन सड़क बनाई जा रही है। इसके लिए बड़ी संख्या में किसानों की जमीन अधिग्रहित की गई थी।
आरोप है कि एसडीएम निर्भय साहू और राजस्व विभाग के कुछ अधिकारियों ने भूमाफियाओं से मिलीभगत कर कुछ खास लोगों को असल कीमत से कई गुना ज्यादा मुआवजा दिलवाया, जबकि असली किसानों को भुगतान तक नहीं मिला।
इस घोटाले से सरकार को करीब 600 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
विधानसभा में उठा था मामला, फिर खुली फाइल
बजट सत्र 2025 के दौरान नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत ने इस घोटाले को विधानसभा में जोर-शोर से उठाया था। इसके बाद सरकार ने जांच के आदेश दिए और मार्च में
तत्कालीन एसडीएम निर्भय कुमार साहू, 2 तहसीलदार और 3 पटवारी निलंबित किए गए।
फिलहाल इस मामले की जांच EOW कर रही है, जबकि अब ED की एंट्री से साफ है कि मनी लॉन्ड्रिंग और बेनामी लेन-देन का एंगल भी जांच के घेरे में आ गया है।
छत्तीसगढ़ की राजनीति में मचा भूचाल
भारत माला घोटाले में ED की छापेमारी ने छत्तीसगढ़ की राजनीति और नौकरशाही में जबरदस्त हलचल पैदा कर दी है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में और बड़े नामों पर कार्रवाई हो सकती है।



