कानून के शीर्ष दफ्तर में घमासान! पूर्व AG के इस्तीफे के बाद बढ़ा तनाव, अब सरकारी वकील सतीश गुप्ता ने भी दिया इस्तीफा

बिलासपुर, 26 दिसंबर 2025/ छत्तीसगढ़ के एडवोकेट जनरल कार्यालय में कार्यरत सरकारी वकील सतीश गुप्ता ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यह इस्तीफा कानून और विधायी मामले विभाग के सचिव को सौंपा है। गुप्ता को 15 जनवरी 2024 को दो वर्ष की अवधि के लिए नियुक्त किया गया था, जिनका कार्यकाल जनवरी 2026 तक था, लेकिन उन्होंने कार्यकाल पूरा होने से पहले ही पद छोड़ने का फैसला किया है।
इस्तीफे के बाद राज्य के राजनीतिक और कानूनी हलकों में हलचल मच गई है।
AG कार्यालय के भीतर तनाव का आरोप
अपने त्यागपत्र में सतीश गुप्ता ने दावा किया है कि पूर्व एडवोकेट जनरल प्रफुल एन. भरत और एडिशनल एडवोकेट जनरल रणवीर सिंह मरहास के इस्तीफे के बाद कार्यालय का माहौल काफी तनावपूर्ण और असहज हो गया था।
उन्होंने यह भी लिखा कि कड़ी मेहनत के बावजूद उन्हें अपेक्षित सम्मान और सराहना नहीं मिली।
नए एडवोकेट जनरल पर भी जताई नाराज़गी
गुप्ता ने अपने पत्र में कहा है कि नए नियुक्त एडवोकेट जनरल विवेक शर्मा के अधीन काम करना उनके लिए गरिमाहीन और असहज हो गया, क्योंकि वरिष्ठता के लिहाज से वे उनसे जूनियर हैं।
सरकार और नेताओं का जताया आभार
हालांकि, इस्तीफे के बावजूद सतीश गुप्ता ने राज्य सरकार और वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार जताया है। उन्होंने विशेष रूप से
उपमुख्यमंत्री अरुण साव और पवन साय को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके कारण उन्हें राज्य के सर्वोच्च कानूनी कार्यालय में सेवा देने का अवसर मिला।
उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें कई प्रतिभाशाली वरिष्ठ अधिवक्ताओं और सहयोगियों के साथ काम करने का अनुभव मिला, जिसके लिए वे हमेशा आभारी रहेंगे।


