बिलासपुर में राज्य युवा महोत्सव का आगाज़: 3 दिन, 3000 युवा, 14 विधाएं; सीएम विष्णु देव साय करेंगे शुभारंभ

रायपुर, 22 दिसंबर 2025।छत्तीसगढ़ के युवाओं की प्रतिभा, संस्कृति और रचनात्मकता का भव्य मंच बनने जा रहा है राज्य युवा महोत्सव। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 23 से 25 दिसंबर तक बिलासपुर के राज्य खेल प्रशिक्षण केंद्र, बहतराई में आयोजित होने वाले इस महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे।
तीन दिवसीय आयोजन में प्रदेशभर से आए करीब 3000 युवा 14 सांस्कृतिक व साहित्यिक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव करेंगे। इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समापन समारोह (25 दिसंबर) में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि रहेंगे।
‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ की होगी ऐतिहासिक लॉन्चिंग
राज्य युवा महोत्सव के शुभारंभ के साथ ही छत्तीसगढ़ की मेजबानी में होने वाले पहले ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ की भी लॉन्चिंग की जाएगी, जो प्रदेश के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
14 विधाएं, राष्ट्रीय मंच तक का रास्ता
महोत्सव में 8 दलीय और 6 एकल विधाओं में प्रतियोगिताएं होंगी।
दलीय विधाएं: लोकनृत्य, पंथी, राउत नाचा, सुआ, करमा, लोकगीत, रॉक बैंड, एकांकी।
एकल विधाएं: वाद-विवाद, कहानी लेखन, चित्रकला, कविता लेखन, नवाचार (साइंस मेला), पारंपरिक वेशभूषा।
इनमें से लोकनृत्य, लोकगीत, वाद-विवाद, चित्रकला और कविता लेखन के विजेता प्रतिभागी राष्ट्रीय युवा उत्सव–2026 (नई दिल्ली) में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
आकर्षक पुरस्कार और प्रोत्साहन राशि
- दलीय विधाएं:
- प्रथम: ₹20,000
- द्वितीय: ₹15,000
- तृतीय: ₹10,000
- एकल विधाएं:
- प्रथम: ₹5,000
- द्वितीय: ₹3,000
- तृतीय: ₹2,000
- हर प्रतिभागी को: ₹1,000 प्रोत्साहन राशि
सांस्कृतिक संध्याएं रहेंगी खास आकर्षण
- 23 दिसंबर:
- शाम 5–8 बजे: आरूग बैंड (अनुज शर्मा) की प्रस्तुति, नारायणपुर का मल्लखंब प्रदर्शन
- रात 8:30 बजे: बिलासपुर पुलिस ग्राउंड में कवि सम्मेलन, डॉ. कुमार विश्वास सहित प्रसिद्ध कवि
- 24 दिसंबर:
- शाम 6 बजे: काफिला बैंड और स्वप्निल लाइव बैंड
- 25 दिसंबर:
- शाम 6 बजे: आरू साहू और दायरा (बस्तर) बैंड
- समापन समारोह में विजेताओं को पुरस्कार वितरण
राज्य युवा महोत्सव न सिर्फ युवाओं को अपनी कला दिखाने का मंच देगा, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर भी प्रदान करेगा—यही इसकी सबसे बड़ी पहचान है।



