जांजगीर में 22 दिसंबर को होगा जनादेश परब : जे.पी. नड्डा और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे विशाल आमसभा को संबोधित

रायपुर, 21 दिसंबर 2025।छत्तीसगढ़ सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 22 दिसंबर को जांजगीर में जनादेश परब का भव्य आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में सरकार की दो वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और राज्य के समग्र विकास से जुड़े फैसलों को जनता के सामने रखा जाएगा।
जनादेश परब के तहत जांजगीर के पुलिस लाइन मैदान में आयोजित विशाल आमसभा को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा संबोधित करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे। इस अवसर पर पात्र हितग्राहियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिलेगा। सुप्रसिद्ध लोक कलाकार एवं पद्मश्री अनुज शर्मा सहित अन्य कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। साथ ही पिछले दो वर्षों में विभिन्न विभागों द्वारा किए गए कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित विकास प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
इस प्रदर्शनी में राज्य विद्युत मंडल, कृषि विभाग, स्कूल शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, जल संसाधन, मत्स्य पालन, सहकारिता सहित अनेक विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां आमजन को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा कृषि मंत्री रामविचार नेताम, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, वन मंत्री केदार कश्यप, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े और विधायक ब्यास कश्यप भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की संपूर्ण प्रक्रिया को समझाने के लिए विशेष मॉडल भी प्रदर्शित किया जाएगा।



