छत्तीसगढ़
Trending

छत्तीसगढ़ में DSP पर गंभीर आरोप: कारोबारी दीपक टंडन ने DGP–IG को लिखा पत्र, महादेव सट्टा एप से जुड़ा मामला

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कारोबारी दीपक टंडन ने प्रदेश के DGP अरूण गौतम और IG अमरेश मिश्रा को पत्र लिखकर DSP कल्पना वर्मा के खिलाफ जांच की मांग की है। टंडन ने पत्र में आर्थिक शोषण, ब्लैकमेलिंग और पद के दुरुपयोग जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

दीपक टंडन का आरोप है कि महादेव सट्टा एप से जुड़े एक पैनल को संचालित करने से इनकार करने के बाद DSP कल्पना वर्मा से उनके संबंध बिगड़ गए और बाद में पूरी तरह समाप्त हो गए। इसके बाद उनके खिलाफ दबाव और कथित ब्लैकमेलिंग शुरू हुई।

पिछले 5 साल से संपर्क में होने का दावा

पत्र में टंडन ने बताया कि वह रायपुर के गायत्री नगर के निवासी हैं और होटल व्यवसाय से जुड़े हैं। उनका दावा है कि पिछले पांच वर्षों से उनका संपर्क DSP कल्पना वर्मा से था और दोनों के परिवारों के बीच भी करीबी संबंध थे।

टंडन के अनुसार, इस दौरान धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग के जरिए उन्हें और उनके कारोबार को करीब दो करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान हुआ।

बैंक लेन-देन और पद के दुरुपयोग के आरोप

दीपक टंडन ने आरोप लगाया है कि DSP कल्पना वर्मा ने अपने सरकारी पद का दुरुपयोग करते हुए अपने और अपने परिजनों, खासकर पिता हेमंत वर्मा के बैंक खातों में नियमित लेन-देन किए। इन ट्रांजैक्शनों का ब्योरा उन्होंने शिकायत पत्र के साथ संलग्न करने का दावा किया है।

महादेव सट्टा एप पैनल चलाने का दबाव

टंडन का कहना है कि DSP कल्पना वर्मा ने दंतेवाड़ा में महादेव सट्टा एप से जुड़े पैनल को संचालित करने का प्रस्ताव दिया था। जब उन्होंने इससे इनकार किया, तो रिश्तों में तनाव बढ़ गया। इस संबंध में मोबाइल चैट के सबूत होने का भी दावा किया गया है।

होटल एटमॉसफेरिया को लेकर विवाद

पत्र में VIP रोड स्थित होटल एटमॉसफेरिया को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। टंडन का दावा है कि DSP कल्पना वर्मा, उनके पिता हेमंत वर्मा और भाई राकेश वर्मा ने साजिश के तहत होटल को गैर-कानूनी तरीके से अपने नाम रजिस्टर्ड करा लिया।

टंडन के मुताबिक, होटल की खरीद-फरोख्त के दौरान उन्होंने बैंक के माध्यम से 30 लाख रुपए RTGS से भुगतान किया था, साथ ही नगद और अन्य ट्रांजैक्शनों का भी उल्लेख किया गया है।

ब्लैकमेलिंग और जान से खतरे का आरोप

दीपक टंडन ने पत्र में आरोप लगाया है कि निजी और कारोबारी मतभेद बढ़ने के बाद उन्हें ब्लैकमेल किया गया। उन्होंने पत्नी से तलाक लेने का दबाव बनाने, फर्जी मामलों में जेल भेजने की धमकी देने और पत्नी के नाम से रजिस्टर्ड हाइराइडर वाहन को अपने कब्जे में रखने जैसे आरोप भी लगाए हैं।

टंडन का कहना है कि इन घटनाओं से उनका परिवार दहशत में है और उन्हें जान का खतरा महसूस हो रहा है।

अब इस मामले में पुलिस मुख्यालय की ओर से क्या कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button