बेरोजगारी भत्ते को लेकर सदन में घमासान : योजना बजट में होने के बावजूद भुगतान नहीं होने पर भड़की कांग्रेस, विधानसभा से किया वॉकआउट

रायपुर, 15 दिसंबर 2025।छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन युवाओं के बेरोजगारी भत्ते को लेकर सदन में जोरदार हंगामा देखने को मिला। इस मुद्दे पर विपक्ष ने सरकार के जवाब से असंतुष्ट होकर वॉकआउट कर दिया।
प्रश्नकाल के दौरान विधायक उमेश पटेल ने मंत्री गुरु खुशवंत साहेब से पूछा कि राज्य में बेरोजगारी भत्ता योजना फिलहाल चालू है या नहीं। इसके जवाब में मंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को भत्ता देने के बजाय उन्हें रोजगार देने वाला बनाने पर काम कर रही है।
इस पर पूर्व मुख्यमंत्री और विधायक भूपेश बघेल ने सरकार को घेरते हुए कहा कि उन्होंने पिछले सत्र में भी यही सवाल उठाया था, तब लिखित जवाब में बताया गया था कि बेरोजगारी भत्ता योजना चालू है और इसे बजट में भी शामिल किया गया है। भूपेश बघेल ने सवाल किया कि जब योजना बजट में मौजूद है, तो सरकार अब तक युवाओं को बेरोजगारी भत्ता क्यों नहीं दे रही है।
सरकार की ओर से स्पष्ट जवाब नहीं मिलने पर कांग्रेस के विधायकों ने कड़ा विरोध जताया और सदन से वॉकआउट कर दिया। विपक्ष ने सरकार पर युवाओं से किए गए वादे से मुकरने का आरोप लगाया, जबकि सत्ता पक्ष रोजगार सृजन को अपनी प्राथमिकता बता रहा है।



