छत्तीसगढ़
Trending

ग्रामीण छत्तीसगढ़ को घर-रोजगार की दोहरी सौगात: PM आवास योजना पर ऐतिहासिक कॉफी टेबल बुक का अनावरण, मनरेगा से 10 हजार आजीविका डबरी शुरू

रायपुर, 14 दिसंबर 2025/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधानसभा स्थित अपने कार्यालय कक्ष में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत राज्य सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों को समर्पित कॉफी टेबल बुक का अनावरण किया। यह अवसर सरकार की पहली मंत्रिपरिषद बैठक में 18 लाख आवास स्वीकृत करने के निर्णय के दो वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित किया गया। पुस्तक में ग्रामीण आवास निर्माण की प्रगति, नवाचार और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत राज्य को मिले 26.27 लाख आवासों के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 24.37 लाख आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं, जबकि 17.14 लाख आवासों का निर्माण पूर्ण हो चुका है। खास बात यह है कि वर्तमान सरकार ने अपने मात्र दो वर्षों के कार्यकाल में ही लगभग 8 लाख आवास पूरे कर ग्रामीण आवास निर्माण में नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत 10,000 आजीविका डबरी निर्माण कार्यों का शुभारंभ भी किया। इन डबरियों को मई 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। पात्र हितग्राहियों, जिनमें प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थी भी शामिल हैं, की निजी भूमि पर डबरी निर्माण से ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आय में स्थायी वृद्धि होगी।

कार्यक्रम के दौरान कबीरधाम जिले के जनमन आवास योजना के हितग्राहियों तथा नारायणपुर जिले के आत्मसमर्पित नक्सलियों और नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों के लिए संचालित विशेष परियोजना के अंतर्गत आजीविका डबरी के स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए। यह पहल सामाजिक पुनर्वास और मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में अहम मानी जा रही है।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारीक सिंह, प्रधानमंत्री आवास योजना के संचालक एवं मनरेगा आयुक्त तारन प्रकाश सिन्हा, सचिव भीम सिंह सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button