छत्तीसगढ़

बीजापुर में नक्सली तांडव: सड़क निर्माण ठेकेदार इम्तियाज़ अली को बंधक बनाकर जंगल ले गए, क्षेत्र में हाई अलर्ट

बीजापुर। जिले से बड़ी खबर सामने आई है। सड़क निर्माण कार्य के दौरान नक्सलियों ने ठेकेदार इम्तियाज़ अली को बंधक बना लिया है। घटना उस समय हुई जब ठेकेदार अपने साथियों के साथ काम में लगा हुआ था। इस दौरान नक्सलियों के एक हथियारबंद दस्ते ने मौके पर पहुंचकर ठेकेदार को जबरन जंगल की ओर ले जाया।

घटना के दौरान ठेकेदार के साथ मारपीट किए जाने की भी जानकारी समाने आई है। मौके पर मौजूद उसके एक साथी ने किसी तरह जान बचाकर भागने में सफलता पाई और सीधे इरापल्ली के मेटागुड़म कैंप पहुंचकर सुरक्षा बलों को पूरी घटना की जानकारी दी।

बीजापुर एसपी जितेंद्र कुमार यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, “ठेकेदार के साथ काम करने वाला उसका एक साथी कैंप पहुंचा है। उसने नक्सलियों द्वारा बंधक बनाए जाने की सूचना दी है। हमारी टीमें पूरे मामले की तस्दीक कर रही हैं और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।”

सूचना मिलते ही जिला पुलिस और सुरक्षा बलों ने आसपास के इलाकों में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि नक्सलियों ने ठेकेदार को किन कारणों से अगवा किया है, लेकिन सड़क निर्माण कार्य नक्सलियों के निशाने पर पहले भी रहे हैं, क्योंकि ये विकास कार्य और सुरक्षा बलों की आवाजाही को मजबूत करते हैं।

पुलिस की टीमें ठेकेदार की सुरक्षित रिहाई सुनिश्चित करने में जुटी हैं। मामले में आगे के अपडेट का इंतजार है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button