विद्युत विभाग का एक्शन: 88 बकायादारों के कनेक्शन काटे, अवैध उपयोग पर होगी एफआईआर

रायपुर, 6 दिसंबर 2025। लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं करने वाले उपभोक्ताओं पर अब विद्युत विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। बिल वसूली में तेजी लाने और बढ़ते बकाये पर नियंत्रण के लिए बलरामपुर–रामानुजगंज जिले के बरियो वितरण केंद्र में विशेष वसूली अभियान चलाया गया। इस दौरान विभागीय टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 88 बकायादारों के कनेक्शन काट दिए।
मुख्य अभियंता यशवंत शिलेदार के नेतृत्व में अधीक्षण अभियंता के.एन. सिंह, कार्यपालन अभियंता प्रकाश अग्रवाल सहित जिले के सभी सहायक व कनिष्ठ अभियंताओं की टीम सुबह 10 बजे बरियो पहुंची और अभियान की शुरुआत की।
अभियान के दौरान काटे गए कनेक्शनों पर कुल 23 लाख 96 हजार 988 रुपये बकाया थे। वहीं मौके पर ही 24 उपभोक्ताओं ने 9 लाख 19 हजार 563 रुपये जमा कर अपने बकाये का भुगतान किया।
मुख्य अभियंता शिलेदार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इसी प्रकार प्रतिदिन सघन मुहिम चलाकर बकाये की वसूली में तेजी लाई जाए। साथ ही यह भी कहा गया कि जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए हैं, उनके घरों की शाम के समय नियमित जांच की जाए।
यदि कोई उपभोक्ता अनाधिकृत रूप से बिजली उपयोग करते पाया गया, तो उसके खिलाफ भारतीय विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं आसपास से अवैध कनेक्शन लेकर बिजली उपयोग करने पर धारा 138 के तहत एफआईआर दर्ज कर न्यायालयीन प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर बिजली बिल का भुगतान करें और विभागीय कार्रवाई से बचें।



