छत्तीसगढ़ न्यूज़ | IED ब्लास्ट में घायल महिला कांस्टेबल से मिलने पहुंचे डिप्टी सीएम विजय शर्मा, डॉक्टरों को दिए बेहतर इलाज के निर्देश

रायपुर/सुकमा। सुकमा जिले के फूलबगड़ी थाना क्षेत्र के गोगुंडा इलाके में एरिया डॉमिनेशन के दौरान हुए IED विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हुई महिला कांस्टेबल का इलाज रायपुर के एक निजी अस्पताल में जारी है। शुक्रवार को राज्य के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा अस्पताल पहुंचे और घायल जवान का हालचाल जाना।
डिप्टी सीएम ने डॉक्टरों से महिला कांस्टेबल की वर्तमान स्थिति और अब तक किए गए उपचार की जानकारी ली। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।
विजय शर्मा ने घायल जवान का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह उसके साथ खड़ी है और इलाज में किसी भी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को सर्वोत्तम इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डिप्टी सीएम ने बताया कि महिला कांस्टेबल कोंटा (सुकमा) की रहने वाली हैं। गोगुंडा के पहाड़ी-जंगल क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान करीब 5 किलोमीटर आगे बढ़ते समय उनका पैर नक्सलियों द्वारा लगाए गए IED पर पड़ गया। विस्फोट इतना तेज था कि वह दूर जा गिरीं। मौके पर मौजूद सीआरपीएफ की 74वीं बटालियन के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर उन्हें तत्काल हेलीकॉप्टर से रायपुर भेजा।
बस्तर क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा बिछाई गई IED अक्सर जवानों और ग्रामीणों को निशाना बनाती है। कई घटनाओं में इंसान ही नहीं, वन्य जीव भी इसकी चपेट में आते हैं। ऐसे में सवाल कायम है कि नक्सलवाद का समर्थन और महिमामंडन करने वाले लोग इन घटनाओं पर क्या कहेंगे?
कैसे हुआ हादसा?
गुरुवार करीब दोपहर 1.30 बजे सुरक्षा बल की टीम गोगुंडा इलाके में एरिया डॉमिनेशन पर निकली थी। इसी दौरान IED ब्लास्ट हुआ और महिला कांस्टेबल घायल हो गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
छत्तीसगढ़ से जुड़ी और ताज़ा खबरों के लिए जुड़े रहिए।



