अपूर्ण मकानों को पूरा दिखाने का घोटाला : 4 आवास मित्र और 1 रोजगार सहायक बर्खास्त—कलेक्टर का बड़ा एक्शन

रायपुर, 30 नवम्बर 2025/ प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में निर्माणाधीन आवासों को पूर्ण दिखाकर गलत रिपोर्टिंग करने के गंभीर मामले में जिला प्रशासन ने कठोर कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर जिला पंचायत गरियाबंद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने 4 ग्राम पंचायतों के आवास मित्रों और एक ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी हैं।
प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच और सचिव सहित जनपद पंचायत के कई अन्य अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
✔ निरीक्षण में खुली पोल
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत गरियाबंद के निर्देशानुसार एक जिला स्तरीय टीम ने ग्राम पंचायत खजूरपदर, उसरीजोर, सरईपानी, नवापारा, बजाड़ी, मुचबहाल और धोबनमाल में आवास निर्माण की स्थिति का विस्तृत निरीक्षण किया।
जांच में पाया गया कि—
- कई हितग्राहियों के आवास अभी भी अधूरे थे,
- लेकिन आवास मित्रों एवं रोजगार सहायक द्वारा जियोटैग कर उन्हें पूर्ण दिखा दिया गया था।
✔ जिनकी सेवाएं हुई समाप्त
- ग्राम पंचायत सरईपानी, नवापारा, बजाड़ी और मुचबहाल के आवास मित्र
- ग्राम पंचायत धोबनमाल के रोजगार सहायक
✔ इन पर भी गिरी गाज
मॉनिटरिंग और सत्यापन में लापरवाही पर नोटिस जारी—
- मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत मैनपुर
- विकासखंड समन्वयक, पीएम आवास योजना (ग्रामीण)
- तकनीकी सहायक (मनरेगा)
- सरईपानी, नवापारा, बजाड़ी, मुचबहाल और धोबनमाल के सरपंच/सचिव
साथ ही पीएम आवास योजना ग्रामीण के तकनीकी सहायक को बिना परीक्षण जियोटैग के सत्यापन में लापरवाही बरतने पर भी नोटिस जारी किया गया।
✔ कलेक्टर का स्पष्ट संदेश
कलेक्टर ने कहा है कि प्रधानमंत्री आवास योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हितग्राहियों को वास्तविक लाभ सुनिश्चित करने के लिए मॉनिटरिंग सिस्टम और अधिक सख्त किया जाएगा।



