छत्तीसगढ़
Trending

छत्तीसगढ़ में सिंचाई क्रांति : CM विष्णु देव साय की बड़ी बैठक में 14 नई परियोजनाओं को मंजूरी, 1 लाख हेक्टेयर में बढ़ेगी सिंचाई क्षमता

रायपुर, 14 नवंबर 2025 — छत्तीसगढ़ में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, भूजल स्तर बढ़ाने और शहरी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में सिंचाई परियोजना मंडल की 33वीं बैठक संपन्न हुई। यह बैठक मौजूदा सरकार के कार्यकाल की पहली बैठक भी रही।

बैठक में प्रदेश की मौजूदा सिंचाई क्षमता, ग्रामीण-शहरी जलापूर्ति और भूजल सुधार से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। इसी दौरान राज्यभर के विभिन्न इलाकों के लिए 14 नई सिंचाई परियोजनाओं को सैद्धांतिक सहमति दी गई, जिनके माध्यम से प्रदेश में करीब 1 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त सिंचाई क्षमता बढ़ने का अनुमान है।

किसानों की आय बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाना और कृषि उत्पादन में वृद्धि करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सिंचाई नेटवर्क के विस्तार से कृषि उत्पादन क्षमता बढ़ेगी, भूजल स्तर सुधरेगा और पेयजल आपूर्ति भी अधिक प्रभावी हो सकेगी।

राज्यभर में संतुलित विकास पर फोकस

बैठक में सरगुजा, बस्तर और मैदानी इलाकों तक सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर भी विस्तार से विचार किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी परियोजनाओं को गति देकर प्रदेशभर में संतुलित विकास सुनिश्चित किया जाएगा।

इन प्रमुख परियोजनाओं को मिली मंजूरी

राज्य में जिन प्रमुख परियोजनाओं को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई, उनमें शामिल हैं—

  • देउरगांव बैराज सह उदवहन सिंचाई परियोजना (बस्तर)
  • मटनार बैराज सह उदवहन सिंचाई परियोजना (बस्तर)
  • मोहमेला सिरपुर बैराज योजना (आरंग, रायपुर)
  • खारंग–अहिरन लिंक जल संवर्धन परियोजना
  • छपराटोला फीडर जलाशय (कोटा, बिलासपुर)
  • कुम्हारी जलाशय क्षमता वृद्धि योजना (दुर्ग)
  • सहगांव उदवहन सिंचाई योजना (धमधा, दुर्ग)
  • लमती फीडर जलाशय एवं नहर निर्माण (खैरागढ़-छुईखदान-गंडई)
  • मोहारा एनीकट पेयजल पाइपलाइन योजना (राजनांदगांव)
  • मैनी नदी बगिया बैराज उदवहन सिंचाई योजना (जशपुर)
  • परसाही दाबयुक्त उदवहन सिंचाई परियोजना (जांजगीर-चांपा)
  • मड़वारानी बैराज निर्माण एवं उदवहन योजना (कोरबा)
  • सिकासार से कोडार लिंक नहर पाइपलाइन योजना (गरियाबंद)
  • पाराघाट व्यपवर्तन योजना के तहत सिंचाई फीडर निर्माण (बिलासपुर)

बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी

इस महत्वपूर्ण बैठक में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओ पी चौधरी, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, ऊर्जा सचिव रोहित यादव, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश कुमार बंसल, जल संसाधन विभाग के सचिव राजेश सुकुमार टोप्पो, प्रमुख अभियंता इंद्रजीत उइके सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button