CG कैबिनेट का ऐतिहासिक फैसला: नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को लीज पर देने की मंजूरी, राज्य में बढ़ेंगे इंटरनेशनल मैच — डायरेक्टर बलदेव सिंह भाटिया ने CM विष्णु देव साय और पूरी कैबिनेट को जताया आभार

रायपुर, 14 नवंबर 2025/ आज हुई छत्तीसगढ़ कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक में राज्य के खेल क्षेत्र से जुड़ा बड़ा निर्णय लिया गया। कैबिनेट ने शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर अटल नगर को दीर्घकालीन संचालन एवं विकास कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ को अनुबंध अनुसार लीज पर देने की मंजूरी दे दी है।
इस फैसले के बाद स्टेडियम में उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक तकनीकी सुविधाएं और बेहतर खेल माहौल उपलब्ध कराया जा सकेगा। खेल मंत्रालय के अनुसार यह निर्णय राज्य में स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर को नई गति देगा और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के ज्यादा क्रिकेट मुकाबले छत्तीसगढ़ में आयोजित हो सकेंगे।
कैबिनेट के फैसले पर क्रिकेट संघ का आभार
छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के डायरेक्टर बलदेव सिंह भाटिया ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओपी चौधरी सहित पूरी कैबिनेट का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय छत्तीसगढ़ के क्रिकेट खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। आने वाले समय में रायपुर शहर में लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मैचों का आयोजन होगा, जिससे खिलाड़ियों को बड़ा मंच और दर्शकों को बेहतर क्रिकेट अनुभव मिलेगा।
कैबिनेट का यह निर्णय राज्य में खेल गतिविधियों और क्रिकेट प्रतिभाओं को मजबूत आधार देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।



