CG News: सूदखोर वीरेंद्र तोमर की रिमांड खत्म – आज फिर कोर्ट में पेश, जेल भेजने की तैयारी तेज

रायपुर, 14 नवंबर 2025 – पांच महीने तक फरार रहने के बाद पकड़ा गया सूदखोर और हिस्ट्रीशीटर वीरेन्द्र सिंह तोमर अब पुलिस रिमांड से बाहर आ रहा है। पांच दिन की रिमांड पूरी होने के बाद आज पुलिस उसे कोर्ट में पेश करेगी और न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने की मांग करेगी।
पुलिस ने रिमांड के दौरान आर्म्स एक्ट, सूदखोरी, ब्लैकमेल और वसूली से जुड़े दोनों मामलों में उससे लंबी पूछताछ की। घर के लॉकर से मिले हथियार को उसने अपने सुरक्षा गार्ड का बताया, वहीं फरारी के दौरान क्षत्रिय करणी सेना से जुड़े लोगों से मदद लेने की जानकारी भी पुलिस के सामने स्वीकार की है।
पीड़ितों का आमना-सामना नहीं
पुलिस ने केस दर्ज कराने वाले पीड़ितों को डरे होने की वजह से आरोपी के सामने नहीं बुलाया। पूछताछ केवल जब्त दस्तावेजों—एग्रीमेंट, चेक, प्रॉपर्टी पेपर और ब्याज-वसूली कागजों—के आधार पर की गई। पुलिस का दावा है कि आरोपी की फरारी के दौरान भी पीड़ित भयभीत थे।
रोहित तोमर अब भी फरार
इस मामले का दूसरा बड़ा आरोपी रोहित सिंह तोमर अभी भी फरार है। उस पर चार केस दर्ज हैं और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है।
करणी सेना की चेतावनी
इस बीच, करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत का एक वीडियो वायरल है, जिसमें उन्होंने पुलिस कार्रवाई को ‘गलत’ बताते हुए रायपुर में आंदोलन की धमकी दी है, यहां तक कि पुलिस अधिकारियों के घरों तक जाकर प्रदर्शन की चेतावनी दी है।



