छत्तीसगढ़
Trending

जनदर्शन में भिलाई के अंकुश देवांगन ने पेश की अद्भुत माइक्रो आर्ट — संगमरमर पर तराशी गई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सूक्ष्म प्रतिमा, मुख्यमंत्री ने की प्रशंसा

रायपुर, 13 नवंबर 2025। छत्तीसगढ़ के भिलाई निवासी 55 वर्षीय अंकुश देवांगन ने अपनी अनूठी कला से सभी को चौंका दिया। आज जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को एक विशेष फ्रेम भेंट की, जिसमें संगमरमर को बारीकी से तराशकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सूक्ष्म प्रतिमा बनाई गई है। फ्रेम के पीछे अयोध्या के नवनिर्मित श्री रामलला मंदिर की भव्य प्रतिकृति भी उकेरी गई है।

इस प्रतिमा को देखने के लिए फ्रेम में माइक्रोस्कोपिक लेंस लगाया गया है, जिससे प्रधानमंत्री मोदी के चेहरे के भाव, मुस्कान और बालों की सूक्ष्म रेखाएँ स्पष्ट दिखाई देती हैं। लगभग आधे सेंटीमीटर आकार की इस प्रतिमा को बनाने में अंकुश देवांगन को दो महीने लगे। दिन में भिलाई स्टील प्लांट में एडमिनिस्ट्रेटिव असिस्टेंट के रूप में काम करने वाले देवांगन, रात में अपनी कला पर मेहनत करते रहे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अनोखी कृति की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए कहा, “यह केवल कला नहीं, समर्पण और धैर्य का प्रतीक है। अंकुश जी ने प्रधानमंत्री जी के प्रति अपनी भावना को जिस खूबसूरती से व्यक्त किया है, वह काबिल-ए-तारीफ है।” मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्तर पर ऐसे प्रतिभाशाली कलाकारों को प्रोत्साहित करना सरकार की जिम्मेदारी है और उन्होंने इस फ्रेम को अपने कार्यालय में विशेष स्थान पर रखने का निर्णय लिया।

अंकुश देवांगन ने बताया कि उनका अगला लक्ष्य दुनिया की सबसे छोटी राम सेतु प्रतिकृति बनाना है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “जब तक हाथ चलते रहेंगे, कुछ नया बनता रहेगा।”

भिलाई के इस कलाकार ने यह साबित कर दिया कि सृजनशीलता और समर्पण की कोई सीमा नहीं होती। जनदर्शन में आज उन्होंने सबका दिल जीत लिया और कला के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button