CM जनदर्शन : दिव्यांग रग्बी खिलाड़ी को 90 हजार रुपए की आर्थिक सहायता, मुख्यमंत्री ने जनदर्शन में चेक सौंपा

रायपुर, 13 नवंबर 2025। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जनदर्शन कार्यक्रम में रायपुर जिले के अभनपुर से आए दिव्यांग रग्बी खिलाड़ी पिंटू राम साहू की मदद के लिए 90 हजार रुपए का आर्थिक अनुदान स्वीकृत किया। मुख्यमंत्री ने चेक के माध्यम से तुरंत सहायता राशि प्रदान की।
पिंटू राम साहू ने व्हीलचेयर और आवश्यक खेल सामग्री खरीदने हेतु मुख्यमंत्री से मदद मांगी थी। मुख्यमंत्री ने उनकी स्थिति और आवश्यकता को समझते हुए त्वरित निर्णय लेते हुए सहायता राशि प्रदान की।
श्री साहू पिछले चार वर्षों से खेल जगत से जुड़े हैं और 2 अक्टूबर 2025 को पहली बार रग्बी खेलने ग्वालियर गए थे। वे वर्तमान में बी.ए. फाइनल ईयर के छात्र हैं और दिव्यांग होने के बावजूद खेल में अपना भविष्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
आर्थिक सहायता मिलने के बाद श्री साहू ने कहा कि यह सहयोग उनके लिए बड़ी प्रेरणा है और वे खेल में और बेहतर प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा, “राज्य सरकार हमेशा दिव्यांग खिलाड़ियों और प्रतिभाओं के साथ खड़ी है और उनके विकास के लिए हर संभव मदद करेगी।”
यह मदद छत्तीसगढ़ में खेल और समावेशिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



