मनेंद्रगढ़ को मिली बड़ी सौगात: खड़गंवा की बरदर जलाशय योजना के नहर जीर्णोद्धार के लिए 3.52 करोड़ की स्वीकृति

रायपुर, 12 नवंबर 2025।मनेंद्रगढ़ क्षेत्र के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है। स्थानीय विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की पहल पर खड़गंवा विकासखंड की बरदर जलाशय योजना के नहर जीर्णोद्धार कार्य को मंजूरी मिल गई है। जल संसाधन विभाग ने इस योजना के लिए 3 करोड़ 52 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।
इस परियोजना के पूरा हो जाने से क्षेत्र की सिंचाई क्षमता 586 हेक्टेयर तक बढ़ जाएगी, जिससे सैकड़ों किसानों को लाभ मिलेगा। नहरों के पुनर्निर्माण से जल आपूर्ति में सुधार होगा और खेती की उत्पादकता बढ़ने की उम्मीद है।
स्वीकृति मिलने पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “इस नहर जीर्णोद्धार कार्य से किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा मिलेगी, जिससे फसल उत्पादन में वृद्धि होगी और क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।”
स्थानीय नागरिकों और किसानों ने भी विधायक एवं कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों की सराहना करते हुए क्षेत्र के विकास के प्रति उनके योगदान के लिए आभार जताया है।



