बिलासपुर रेल हादसे में दर्दनाक मोड़: इलाज के दौरान डीपी विप्र कॉलेज की छात्रा महविश परवीन की मौत, अब तक 12 की जान गई

बिलासपुर। बिलासपुर रेल हादसे में घायल हुई डीपी विप्र कॉलेज की छात्रा महविश परवीन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अपोलो अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। महविश बिलासपुर के डीपी विप्र कॉलेज में बीएससी गणित की नियमित छात्रा थी। उसकी मौत के बाद हादसे में मृतकों की संख्या अब 12 हो गई है।
जानकारी के अनुसार, महविश अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए जांजगीर गई हुई थी। 4 नवंबर को वह कोरबा-बिलासपुर मेमू ट्रेन से वापस बिलासपुर लौट रही थी। इसी दौरान लालखदान के पास मेमू ट्रेन मालगाड़ी से टकरा गई, जिसमें महविश गंभीर रूप से घायल हो गई थी।
हादसे के वक्त वह महिला कोच में सवार थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसके दोनों पैर लोहे के एंगल के नीचे दब गए थे। उसके पैरों में मल्टीपल फ्रैक्चर, कॉलर बोन और पसलियों की चार हड्डियां टूट गई थीं। प्रारंभिक उपचार के लिए उसे सिम्स अस्पताल लाया गया था, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए अपोलो अस्पताल रेफर किया गया था।
डॉक्टर एक सप्ताह से लगातार उसका इलाज कर रहे थे, लेकिन गहरी चोटों और जटिल फ्रैक्चर के कारण महविश की हालत में सुधार नहीं हो सका और मंगलवार देर रात उसने अंतिम सांस ली।
इस दर्दनाक घटना से डीपी विप्र कॉलेज परिसर में शोक का माहौल है। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने महविश के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।


