मुंगेली पुलिस का बड़ा एक्शन: कुख्यात सट्टा खाईवाल योगेंद्र शर्मा उर्फ लाला महाराज पर 1000 रुपये का इनाम घोषित, सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गुप्त

मुंगेली। जिले में अवैध सट्टा कारोबार पर रोक लगाने के लिए मुंगेली पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना फास्टरपुर के कुख्यात सट्टा खाईवाल योगेंद्र शर्मा उर्फ भर्रा उर्फ लाला महाराज के खिलाफ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी के फरार रहने पर एसपी ने उस पर 1000 रुपये के नगद इनाम की घोषणा की है।
पुलिस की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि जो भी व्यक्ति फरार आरोपी योगेंद्र शर्मा के ठिकाने या उसकी गतिविधियों की सही जानकारी देगा, उसे नगद इनाम देकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही, सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम, पता और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
दो मामलों में दर्ज हैं अपराध
थाना फास्टरपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 66/25 एवं 91/25 में आरोपी योगेंद्र शर्मा के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 06 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी 7 अक्टूबर 2025 से फरार है। थाना प्रभारी फास्टरपुर–सेतगंगा अपनी टीम के साथ उसकी लगातार तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।
एसपी बोले — सट्टा-जुआ पर सख्त कार्रवाई जारी
एसपी भोजराम पटेल ने कहा कि जिले में सट्टा-जुआ जैसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो कोई भी फरार आरोपी योगेंद्र शर्मा के ठिकाने की जानकारी देगा, उसे नगद इनाम से पुरस्कृत किया जाएगा और उसकी पहचान को पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा।
“सट्टा-जुआ जैसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा,” — एसपी भोजराम पटेल
फरार आरोपी का विवरण
- नाम: योगेंद्र शर्मा उर्फ लाला महाराज उर्फ भर्रा
- पिता का नाम: गोविंद प्रसाद शर्मा
- आयु: 47 वर्ष
- निवासी: ग्राम खैरा, थाना फास्टरपुर–सेतगंगा, जिला मुंगेली (छ.ग.)
- हुलिया: इकहरा बदन, कद 5 फीट 6 इंच, रंग गेहुआं, बांयी आंख की भौंह पर मस्सा
- भाषा: हिंदी एवं छत्तीसगढ़ी
पुलिस ने जारी किए संपर्क नंबर
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सट्टा गतिविधियों के विरुद्ध प्रशासन का सहयोग करें और आरोपी की जानकारी तुरंत साझा करें। जानकारी देने के लिए निम्न नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है—
📞 थाना फास्टरपुर–सेतगंगा: 8839781174
📞 कंट्रोल रूम मुंगेली: 9479193044 / 07755–264103
मुंगेली पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ प्रशासन की मुहिम में भागीदार बनें।



