अहमदाबाद इन्वेस्टर कनेक्ट में बड़ा प्रस्ताव: टोरेंट ग्रुप छत्तीसगढ़ में करेगा 23,100 करोड़ का निवेश, 5,200 से ज्यादा लोगों को मिलेगा रोजगार

अहमदाबाद में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम के दौरान टोरेंट ग्रुप के उपाध्यक्ष जिनल मेहता ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की और छत्तीसगढ़ में कुल 23,100 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया।
ग्रुप ने राज्य में बिजली क्षेत्र में 22,900 करोड़ रुपये और फार्मा सेक्टर में 200 करोड़ रुपये निवेश की योजना बताई है। इन परियोजनाओं से लगभग 5,200 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
जिनल मेहता ने कहा कि छत्तीसगढ़ में उद्योगों के लिए बेहतर आधारभूत संरचना, निवेशक हितैषी नीतियां और स्थिर शासन व्यवस्था के कारण औद्योगिक विकास के लिए यह राज्य तेजी से उभर रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने टोरेंट समूह के निवेश प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को हर संभव सहयोग देगी ताकि छत्तीसगढ़ देश के औद्योगिक मानचित्र पर नई ऊंचाइयां हासिल कर सके।


