छत्तीसगढ़
Trending

छत्तीसगढ़ में बड़ा आवास मेला: 2000 करोड़ की योजनाओं का शुभारंभ, हर परिवार को पक्का घर देने का लक्ष्य

रजत जयंती वर्ष में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल की ऐतिहासिक पहल — सुलभ और किफायती आवास के लिए नई दिशा

रायपुर, 11 नवंबर 2025/ छत्तीसगढ़ स्थापना के रजत जयंती वर्ष पर प्रदेशवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा राजधानी रायपुर के बी.टी.आई. ग्राउंड, शंकर नगर में 23 से 25 नवंबर तक राज्य स्तरीय आवास मेला आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगभग 2000 करोड़ रुपए की नई आवासीय योजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा, साथ ही हितग्राहियों हेतु नवीन आबंटी पोर्टल की भी शुरुआत होगी।

आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ. पी. चौधरी के निर्देशानुसार आयोजित इस मेले में प्रदेशभर की आवासीय एवं व्यावसायिक संपत्तियों की विस्तृत जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध होगी। नागरिकों के लिए स्पॉट बुकिंग, बैंक ऋण सहायता और आकर्षक उपहार योजनाएँ भी मेले की विशेष आकर्षण रहेंगी।

नई योजनाओं में लगभग 70 प्रतिशत आवासीय संपत्तियाँ कमजोर आय वर्ग के लोगों के लिए आरक्षित रखी जाएँगी। इस पहल का उद्देश्य हर वर्ग को सम्मानजनक और किफायती दरों पर घर उपलब्ध कराना है।

हाल ही में आयोजित राज्योत्सव 2025 के दौरान गृह निर्माण मंडल के स्टॉल को नागरिकों से जबरदस्त प्रतिसाद मिला था। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वयं मंडल के स्टॉल का अवलोकन कर इसके कार्यों की सराहना की थी।

आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ. पी. चौधरी ने कहा,

“छत्तीसगढ़ सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2027 तक हर परिवार के पास अपना पक्का घर हो। राज्य स्तरीय आवास मेला प्रदेशवासियों को किफायती आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम है।”

गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने बताया कि जनता का बढ़ता विश्वास ही मंडल की सबसे बड़ी पूंजी है।

“राज्य स्तरीय आवास मेले के माध्यम से नागरिकों को एक ही मंच पर आवेदन, जानकारी और बुकिंग की सुविधा मिलेगी। वन टाइम सेटलमेंट योजना-2 जैसी योजनाएँ आमजन को 30 प्रतिशत तक की छूट के साथ पक्का मकान उपलब्ध करा रही हैं।”

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा,

“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र को साकार करने की दिशा में छत्तीसगढ़ तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है। गृह निर्माण मंडल द्वारा दो हजार करोड़ रुपए की नई आवासीय योजनाएँ प्रदेश की आवासीय विकास यात्रा में नया अध्याय जोड़ेंगी। यह मेला केवल घरों का नहीं, बल्कि सपनों को आकार देने का उत्सव है — जहाँ हर परिवार अपने भविष्य की नई नींव रखेगा।”

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का यह राज्य स्तरीय आवास मेला रजत जयंती वर्ष में प्रदेश की “सबके लिए आवास” की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरगामी कदम सिद्ध होगा।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button