छत्तीसगढ़ के आईटीआई कॉलेजों में बड़ा बदलाव : हर साल 10 हजार युवा सीखेंगे रोबोटिक्स और ऑटोमेशन, CM विष्णु देव साय ने गुजरात के NAMTECH मॉडल से ली सीख

रायपुर, 10 नवम्बर 2025।छत्तीसगढ़ में अब तकनीकी शिक्षा को नया आयाम देने की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को गुजरात के गांधीनगर स्थित NAMTECH (New A Maker’s Institute of Technology) का भ्रमण किया और कॉलेज की अत्याधुनिक शिक्षण प्रणाली का अध्ययन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के आईटीआई कॉलेजों में अब आधुनिक तकनीक, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, रोबोटिक्स और ऑटोमेशन की शिक्षा दी जाएगी, जिससे हर साल 10,000 से अधिक युवा नई तकनीक में प्रशिक्षित हो सकेंगे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गुजरात महात्मा गांधी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पवित्र भूमि है, जिसने आत्मनिर्भरता और नवाचार की दिशा में पूरे देश को प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी इसी तरह के संस्थान स्थापित करने की योजना है, ताकि युवाओं को तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ औद्योगिक प्रशिक्षण का भी अनुभव मिल सके।
साय ने NAMTECH कॉलेज में छात्रों से संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, प्रोजेक्ट्स और मशीनों पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। कॉलेज प्रबंधन ने मुख्यमंत्री को बताया कि यहाँ शिक्षा का एक नेटवर्क मॉडल अपनाया गया है, जिसके तहत विभिन्न कॉलेजों को आपस में जोड़ा गया है ताकि शिक्षा अधिक प्रभावी बन सके। यही मॉडल अब छत्तीसगढ़ में भी लागू करने की तैयारी है।
इस योजना के तहत राज्य के कुछ प्रमुख आईटीआई कॉलेजों को आधुनिक प्रयोगशालाओं, डिजिटल प्रशिक्षण सुविधाओं और अत्याधुनिक मशीनों से लैस किया जाएगा। एक कॉलेज को किसी विशेष तकनीक में दक्ष बनाया जाएगा और वह अन्य कॉलेजों को उस तकनीक का प्रशिक्षण देगा। इससे छात्रों को न केवल किताबों की जानकारी मिलेगी, बल्कि वे उद्योगों में सीधे काम करने के लिए आवश्यक कौशल भी हासिल करेंगे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि “विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में छत्तीसगढ़ की भूमिका बेहद अहम होगी। हमारे युवा ही राज्य की सबसे बड़ी ताक़त हैं। हम ऐसे युवाओं को तैयार कर रहे हैं जो नई सोच और आधुनिक तकनीक के साथ विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत की दिशा में कदम बढ़ाएंगे।”
मुख्यमंत्री के साथ इस दौरे में प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, सचिव राहुल भगत, उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के सचिव एस. भारतीदासन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



