मुख्यमंत्री ने स्टेट हैंगर से विमान परिचालन सेवा का किया शुभारंभ, अब वीवीआईपी मूवमेंट और अधिक सुगम होगा

रायपुर, 10 नवम्बर 2025 — मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज स्वामी विवेकानंद विमानतल परिसर, माना कैंप स्थित स्टेट हैंगर के नियमित परिचालन का शुभारंभ किया। शुभारंभ के तुरंत बाद मुख्यमंत्री अपने दो दिवसीय गुजरात प्रवास के लिए इसी हैंगर से रवाना हुए।
स्टेट हैंगर के संचालन से अब राज्य में विशेष विमान से वीवीआईपी आगमन और प्रस्थान की व्यवस्थाएं अधिक सुगम और व्यवस्थित होंगी। इस पहल से एयरपोर्ट के यात्री टर्मिनल पर वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान आम यात्रियों को होने वाली असुविधा भी समाप्त होगी।
वर्ष 2012 में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा लगभग 6.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह हैंगर अब पूर्ण रूप से संचालन में आ गया है। इसके परिचालन के लिए आवश्यक डीजीसीए (DGCA) और बीसीएएस (BCAS) की अनुमतियां हाल ही में 31 अक्टूबर 2025 को प्राप्त हुई थीं। अनुमतियां मिलने के बाद राज्य सरकार ने इसे नियमित उपयोग के लिए आरंभ किया।
नए स्टेट हैंगर को टैक्सी वे ‘E’ के माध्यम से एयरपोर्ट रनवे से जोड़ा गया है, जिससे वीवीआईपी मूवमेंट अब और अधिक सुगमता से हो सकेगा तथा एयरपोर्ट परिसर में अलग से व्यवस्था की आवश्यकता नहीं रहेगी।
राज्य सरकार के स्वामित्व वाले विमान और हेलीकॉप्टरों के रखरखाव के लिए भी अब यही नया स्टेट हैंगर उपयोग में लाया जाएगा। इसके संचालन से एयरपोर्ट परिसर में स्थित किराए के स्टेट हैंगर पर निर्भरता समाप्त हो जाएगी।
इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू, माना कैंप नगर पंचायत अध्यक्ष संजय यादव, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, उप सचिव सूरज साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



