Tomar Brothers Case: ग्वालियर से गिरफ्तार हुआ सूदखोर वीरेंद्र तोमर, छोटे भाई रोहित की तलाश जारी — रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रायपुर/ग्वालियर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चर्चित तोमर ब्रदर्स केस में बड़ा अपडेट सामने आया है। सूदखोरी, मारपीट, हत्या की कोशिश और जबरन वसूली जैसे गंभीर अपराधों में फरार चल रहा वीरेंद्र तोमर उर्फ रूबी तोमर को पुलिस ने मध्यप्रदेश के ग्वालियर से गिरफ्तार कर लिया है।
क्राइम ब्रांच और पुरानी बस्ती थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। वीरेंद्र तोमर के खिलाफ कई संगीन अपराधों के प्रकरण दर्ज हैं। वहीं उसका छोटा भाई रोहित तोमर अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों भाइयों के खिलाफ रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में एक कारोबारी ने मारपीट और धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई थी। एफआईआर दर्ज होने के बाद से दोनों आरोपी 2 जून से फरार थे। गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों ने कानूनी दांव-पेच अपनाए, लेकिन हाल ही में हाईकोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी।
इसके बाद रायपुर पुलिस ने तलाश तेज की और गुप्त सूचना पर टीम को ग्वालियर भेजा गया। वीरेंद्र तोमर की मोबाइल लोकेशन ट्रेस करते हुए पुलिस ने घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल आरोपी को रायपुर लाने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस अब फरार भाई रोहित तोमर की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चला रही है।



