छत्तीसगढ़
Trending

छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों को नक्सल मोर्चे पर दोहरी सफलता, सुकमा में दो इनामी नक्सली गिरफ्तार – बीजापुर में हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद

सुकमा/बीजापुर। छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। सुकमा जिले में सुरक्षाबलों ने दो इनामी नक्सलियों को विस्फोटक सामग्री के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि बीजापुर में जवानों ने नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है।

सुकमा: विस्फोटक के साथ दो इनामी नक्सली गिरफ्तार

थाना चिंतलनार क्षेत्र में डीआरजी सुकमा, थाना चिंतलनार और 203 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम ने माओवादी संगठन से जुड़े दो नक्सलियों को दबोचा। दोनों गोमगुड़ा इलाके में IED प्लांट करने की तैयारी में थे, तभी सुरक्षाबलों ने उन्हें घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार नक्सलियों में से एक पर 3 लाख रुपये और दूसरे पर 2 लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने मौके से विस्फोटक सामग्री बरामद की है और दोनों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी थाना पामेड़, जिला बीजापुर के निवासी हैं।

बीजापुर: नक्सलियों की साजिश नाकाम, हथियारों का जखीरा मिला

वहीं बीजापुर जिले में नक्सलियों की बड़ी साजिश को भी सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया। एंटी नक्सल ऑपरेशन के तहत बीते दिनों 196 बटालियन की एफओबी (फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस) पुजारी कांकेर में स्थापित की गई थी। शनिवार को इसी नए कैंप से 196 बटालियन और डीआरजी के जवान सीआरपीएफ डीआईजी बी.एस. नेगी और बीजापुर एसपी जितेन्द्र यादव के निर्देशन में सर्च ऑपरेशन पर निकले थे।

सर्च के दौरान जवानों को पुजारी कांकेर-03 के उत्तर-पश्चिमी जंगलों में जमीन में गाड़कर छिपाए गए हथियार और विस्फोटक मिले। इनमें बीजीएल लांचर (01), बीजीएल सेल (09), प्राथमिक कारतूस (08) और कोबरा पैटर्न पाउच (01) शामिल हैं। सुरक्षाबलों ने सूझबूझ और सतर्कता से इन सभी सामग्रियों को बरामद कर लिया, जिससे संभावित बड़ी घटना टल गई।

विकास की मुख्यधारा में लौट रहा बस्तर

सरकार और पुलिस अब नक्सल प्रभावित इलाकों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में जुटी है। लगातार चल रहे अभियानों और सुरक्षा कैंपों की स्थापना से नक्सलियों के गढ़ माने जाने वाले इलाकों में अब शांति और विकास के संकेत दिखाई दे रहे हैं।

स्रोत: पुलिस विभाग, सुकमा-बीजापुर

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button