मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना बनी जनजीवन की संजीवनी — जशपुर के गणेशराम का किडनी ट्रांसप्लांट हुआ सफल, मां ने दी नई ज़िंदगी

रायपुर, 08 नवम्बर 2025।छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना अब जरूरतमंद परिवारों के लिए जीवनदान साबित हो रही है। इस योजना के तहत जशपुर जिले के बगीचा निवासी 48 वर्षीय किसान गणेशराम यादव का सफल किडनी प्रत्यारोपण हुआ है।
गणेशराम की दोनों किडनियां खराब हो चुकी थीं और वे कई महीनों से डायलिसिस पर निर्भर थे। डॉक्टरों ने ट्रांसप्लांट की सलाह दी, लेकिन लाखों रुपये के खर्च की वजह से परिवार निराश था। तभी उन्हें कुनकुरी सदन के माध्यम से मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना की जानकारी मिली। जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी होते ही योजना के तहत पूरा उपचार निःशुल्क स्वीकृत हो गया।
गणेशराम का इलाज रायपुर एम्स में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा किया गया, जहां उनकी 64 वर्षीय माता सरस्वती यादव ने अपने बेटे को किडनी दान की। यह प्रत्यारोपण सफल रहा और गणेशराम अब पूरी तरह स्वस्थ हैं।
स्वास्थ्य लाभ के बाद गणेशराम अपने परिवार के साथ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिलने पहुंचे। भावनाओं से भरे गणेशराम ने कहा — “अगर यह योजना नहीं होती, तो शायद मैं आज जीवित नहीं होता। सरकार ने मेरी जिंदगी बचाई है।”
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने परिवार से आत्मीय मुलाकात करते हुए कहा — “प्रदेश का हर नागरिक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पाने का हकदार है। कोई भी व्यक्ति आर्थिक अभाव के कारण इलाज से वंचित न रहे, यही हमारी सरकार की प्रतिबद्धता है।”
मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना ने एक बार फिर यह साबित किया है कि सरकार का यह प्रयास छत्तीसगढ़ के आमजन के लिए सच्ची संजीवनी बन चुका है, जो मानवीयता और करुणा को नए आयाम दे रहा है।



