मरवाही में दरिंदगी: 10 साल के बच्चे से कुकर्म के बाद हत्या, बुआ के बेटे ने साड़ी के फंदे से लटकाया शव

गौरेला-पेंड्रा-मारवाही। जिले के मरवाही थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। शराब के नशे में धुत युवक ने अपने ही मामा के 10 वर्षीय बेटे से अननेचुरल सेक्स किया और फिर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को छिपाने के लिए आरोपी ने शव को निर्माणाधीन मकान में साड़ी से फंदा बनाकर लटका दिया। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी अर्जुन (25) कोरबा जिले के पसान ब्लॉक का रहने वाला है और मजदूरी करता है। वह अक्सर अपने मामा के घर आता-जाता था। घटना की रात 1 नवंबर को वह शराब पीकर मामा के घर पहुंचा। खाना खाने के बाद मामा के बेटे के साथ घूमने निकला।
घूमते समय दोनों के बीच किसी बात पर विवाद हो गया। गुस्से में अर्जुन ने बच्चे की पिटाई की, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपी ने अचेत अवस्था में मासूम के साथ अननेचुरल सेक्स किया और फिर गला घोंटकर हत्या कर दी। बाद में शव को साड़ी से फंदा बनाकर निर्माणाधीन मकान में लटका दिया ताकि मामला आत्महत्या जैसा लगे।
2 नवंबर को बच्चे का शव फंदे से लटका मिला। शरीर पर चोट के निशान देखकर पुलिस को शक हुआ। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि बच्चे की मौत गला घोंटने से हुई है।
पुलिस ने जांच के दौरान गांव में पूछताछ की और अर्जुन पर शक गहराया। उसे हिरासत में लेकर मोबाइल की जांच की गई, जिसमें पोर्न वीडियो मिले। सख्त पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
DSP दीपक मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या और अननेचुरल सेक्स का मामला दर्ज कर लिया गया है। कोर्ट में पेशी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।



