छत्तीसगढ़
Trending

अंबिकापुर-मनेंद्रगढ़ मार्ग पर दर्दनाक हादसा: दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत में 2 की मौत, 2 घायल — कोहरे और झपकी बनी वजह

अंबिकापुर। सरगुजा संभाग के अंबिकापुर-मनेंद्रगढ़ मुख्य मार्ग पर गुरुवार तड़के करीब साढ़े 4 बजे दो तेज रफ्तार ट्रकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ही ट्रक के चालक और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ट्रक के चालक और क्लीनर गंभीर रूप से घायल हैं। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के कोटमी गांव के पास हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के समय घना कोहरा छाया हुआ था और दृश्यता बेहद कम थी। बताया जा रहा है कि एक ट्रक चालक को झपकी आ जाने से वाहन अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रहे ट्रक से सीधे जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रकों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चालक-खलासी के शव उसमें फंस गए। पुलिस और बचाव दल ने घंटों की मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला।

हादसे के बाद नेशनल हाईवे 43 पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने बड़े वाहनों को डायवर्ट रूट से निकालने की व्यवस्था की। सुबह करीब 10 बजे तक ट्रक का केबिन काटकर शवों को बाहर निकाला जा सका। दोनों मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

ट्रेलर में सरिया लदा हुआ था, जो अंबिकापुर से मनेंद्रगढ़ की ओर जा रहा था। सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर के बाद ट्रेलर सड़क पर तिरछा फंस गया, जिससे दोनों दिशाओं में आवागमन बाधित हो गया। पुलिस ने सरिया हटाकर ट्रेलर को साइड में करने के बाद मार्ग को बहाल किया।

कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी, जिससे इस तरह के हादसे की आशंका बढ़ जाती है। सरगुजा संभाग में तापमान गिरने के साथ सुबह-सुबह घना कोहरा छाने लगा है। पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे धुंध के मौसम में गति धीमी रखें और हेडलाइट का उपयोग सावधानीपूर्वक करें।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button