छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भारत की ‘मिलेट्स क्वीन’ लहरी बाई बैगा को किया सम्मानित, कहा— लहरी बाई ने मोटे अनाजों की परंपरा को पुनर्जीवित कर दी नई पहचान

रायपुर, 06 नवम्बर 2025।छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर आयोजित कृषि विभाग की मिलेट्स थीम आधारित प्रदर्शनी में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पहुंचकर पारंपरिक मोटे अनाजों, प्रसंस्कृत उत्पादों और आधुनिक कृषि तकनीकों का अवलोकन किया। उन्होंने विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मिलेट्स को बढ़ावा देने से न केवल किसानों की आय में वृद्धि होगी, बल्कि समाज को पोषणयुक्त आहार भी मिलेगा।

प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण रहीं भारत की मिलेट्स क्वीन लहरी बाई बैगा, जिन्होंने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा को मिलेट्स से बना एक आकर्षक गुलदस्ता भेंट किया। डिंडोरी जिले के ग्राम सीलपीडी की निवासी लहरी बाई पिछले कई वर्षों से 150 से अधिक प्रकार के मोटे अनाजों का संरक्षण कर रही हैं और अपने ‘मिलेट बैंक’ के माध्यम से देशभर में मिलेट्स के उपयोग को बढ़ावा दे रही हैं।

उनके योगदान और समर्पण से प्रभावित होकर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने उन्हें साड़ी और 1100 रुपए की सम्मान राशि भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा—
“लहरी बाई जैसी महिलाएं प्रदेश और देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं, जिन्होंने मोटे अनाजों की परंपरा को पुनर्जीवित किया और पोषण के क्षेत्र में मिसाल कायम की है।”

कृषि विभाग के स्टॉल में कोदो, कुटकी, रागी, कंगनी, हरी कंगनी जैसे मोटे अनाजों से बने उत्पादों और मिलेट्स की उन्नत तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार मिलेट्स मिशन के तहत परंपरागत फसलों को बढ़ावा देने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ठोस कदम उठा रही है।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि “मोटे अनाज से सशक्त किसान, स्वस्थ समाज” की अवधारणा को साकार करने के लिए विभाग खेती, प्रसंस्करण और विपणन को एकीकृत दृष्टिकोण से प्रोत्साहित कर रहा है। राज्योत्सव में लगे इस स्टॉल ने लोगों को मिलेट्स की विविधता, पोषण मूल्य और आर्थिक महत्व से परिचित कराया तथा स्थानीय किसानों और युवाओं में नई प्रेरणा का संचार किया।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button