AAFT यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल रमेन डेका के साथ शामिल हुए विधायक अनुज शर्मा, बोले— “शिक्षा केवल रोजगार नहीं, आत्मनिर्भरता और सामाजिक समरसता का माध्यम है”

रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित AAFT यूनिवर्सिटी में गुरुवार को भव्य दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका, मंत्री टंकराम वर्मा और धरसींवा विधायक अनुज शर्मा विशेष रूप से शामिल हुए। समारोह की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि भारतीय परंपरा में शिक्षा को केवल रोजगार का साधन नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और सामाजिक समरसता का माध्यम माना गया है। उन्होंने कहा— “यह दीक्षांत समारोह केवल शैक्षणिक उपलब्धि का नहीं, बल्कि आत्मविकास, समर्पण और सृजनशीलता का उत्सव है।”
उन्होंने आगे कहा कि वास्तविक शिक्षा वही है जो जीवन को सार्थक बनाए, व्यक्ति में अनुशासन, कौशल और आत्मबोध का विकास करे। ऋग्वेद का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि “ज्ञान साधारण को असाधारण में, और संभावनाओं को शक्ति में परिवर्तित करता है।”

विधायक शर्मा ने नई शिक्षा नीति (NEP) का उल्लेख करते हुए कहा कि यह नीति शिक्षा को केवल सूचना देने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति को कर्मशील, नवाचारी और सृजनात्मक बनाने का साधन बनाती है। उन्होंने कहा कि कौशल आधारित शिक्षा ही असली सफलता की कुंजी है।
उन्होंने AAFT यूनिवर्सिटी की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था मीडिया और कला शिक्षा को राष्ट्रीय प्राथमिकताओं और वैश्विक मानकों से जोड़ रही है। यहाँ शिक्षा केवल कल्पना नहीं, बल्कि सटीकता, परिश्रम और व्यावहारिक दक्षता पर आधारित है।

समारोह के अंत में विधायक अनुज शर्मा ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा— “आपकी यह उपाधि केवल पढ़ाई का परिणाम नहीं, बल्कि आपके धैर्य, समर्पण और अपने क्षेत्र के प्रति विश्वास का प्रतीक है। आपकी सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने।”
इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका, मंत्री टंकराम वर्मा, डॉ. संदीप मरवाह, विश्वविद्यालय के कुलपति, प्रोफेसर, व्याख्याता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।



