राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 20 नवंबर को आएंगी छत्तीसगढ़, अंबिकापुर में जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में होंगी मुख्य अतिथि

रायपुर, 05 नवंबर 2025।छत्तीसगढ़ की पावन धरती एक बार फिर ऐतिहासिक अवसर की साक्षी बनने जा रही है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आगामी 20 नवंबर को राज्य के अंबिकापुर दौरे पर रहेंगी। वे यहां भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऐलान के बाद भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को देशभर में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाती है। इस वर्ष अंबिकापुर में इसका आयोजन विशेष रूप से बड़े पैमाने पर किया जा रहा है।
दो दिन चलेगा भव्य आयोजन
अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में 19 और 20 नवंबर को दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जनजातीय समुदायों की लोककला, नृत्य, संगीत और पारंपरिक सांस्कृतिक झलकियां प्रस्तुत की जाएंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति इस आयोजन का मुख्य आकर्षण होगी।
नवा रायपुर में हुई समीक्षा बैठक
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम की अध्यक्षता में 3 नवंबर को नवा रायपुर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, आयुक्त डॉ. सारांश मित्तर, संयुक्त सचिव बी.एस. राजपूत, अपर संचालक संजय गौड़, नोडल अधिकारी गायत्री नेताम और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सरगुजा संभाग के सभी जिलों के सहायक आयुक्त भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
परंपराओं की समृद्ध झलक दिखाने के निर्देश
मंत्री रामविचार नेताम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन में छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली विरासत की झलक पूरे भव्यता के साथ प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी संवेदनशीलता और उत्साह के साथ तैयारी करें, ताकि यह आयोजन ऐतिहासिक और यादगार बन सके।
उन्होंने विशेष रूप से जनजातीय नृत्य, लोककला, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को कार्यक्रम में प्रमुख स्थान देने के निर्देश दिए हैं।



