छत्तीसगढ़
Trending

बिलासपुर ट्रेन हादसा: मृतकों की संख्या बढ़कर 11, 20 यात्री घायल – रेलवे ने घायलों को ₹50,000 की तत्काल सहायता दी, सीआरएस कल करेंगे जांच

रायपुर, 5 नवम्बर 2025 | संवाददाता

बिलासपुर स्टेशन के पास सोमवार 4 नवम्बर की रात हुई मालगाड़ी और मेमू लोकल के डिरेलमेंट हादसे में अब तक 11 यात्रियों की मृत्यु हो चुकी है, जबकि 20 यात्री घायल बताए गए हैं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन ने बताया कि राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिए गए थे, और सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराकर समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

रेल प्रशासन ने सभी घायलों को ₹50,000 की त्वरित अनुग्रह सहायता राशि अग्रिम रूप में प्रदान की है। अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में इलाज जारी है। रेलवे ने कहा कि वह लगातार अस्पतालों से संपर्क में है और प्रत्येक प्रभावित यात्री के लिए चिकित्सा, परिवहन और आवश्यक सहयोग सुनिश्चित किया जा रहा है। वरिष्ठ रेल अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

घायलों की सूची में शामिल कुछ नाम इस प्रकार हैं:
मथुरा भास्कर (55), चौरा भास्कर (50), गीता देबनाथ (30), मेहनिश खान (19), सोनी यादव (25), संजू विश्वकर्मा (35), शत्रुघ्न (50), रश्मि राज (34), संतोष हंसराज (60), मोहन शर्मा (29), प्रीतम कुमार (18), शैलेश चंद्र (49), अशोक दीक्षित (54), नीरज देवांगन (53) और अन्य।

कल से शुरू होगी सीआरएस जांच
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार रेल सुरक्षा आयुक्त (सीआरएस) दक्षिण पूर्व सर्किल बी.के. मिश्रा गुरुवार सुबह 9 बजे से बिलासपुर डीआरएम कार्यालय में जांच शुरू करेंगे। यह जांच पूरी होने तक जारी रहेगी। रेलवे ने इस घटना से जुड़े सभी साक्ष्य एवं गवाहों को जांच के दौरान उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।

रेल प्रशासन ने कहा है कि दुर्घटना के कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल रेलवे ने ट्रैक और यातायात को बहाल कर दिया है तथा हादसे की जगह से सभी प्रभावित कोच हटा लिए गए हैं।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button