CG Rajyotsav 2025: छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में आज गूंजेगी अंकित तिवारी की सुरीली आवाज़, शाम को होगा धमाकेदार कार्यक्रम

रायपुर, 4 नवंबर 2025। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष के तहत जारी राज्योत्सव 2025 के चौथे दिन आज राजधानी रायपुर में बॉलीवुड के मशहूर पार्श्व गायक अंकित तिवारी अपनी जादुई आवाज़ से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। ‘सुन रहा है न तू…’ और ‘तेरी गलियां…’ जैसे सुपरहिट गीतों से पहचान बनाने वाले अंकित तिवारी आज राज्योत्सव मंच पर अपने सुरों का जादू बिखेरेंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला शाम 4 बजे से प्रारंभ होगी। शुरुआत कलाकेंद्र रायपुर बैंड की प्रस्तुति से होगी, जो अपने बैंड म्यूज़िक से दर्शकों का उत्साह बढ़ाएंगे। इसके बाद प्रकाश अवस्थी अपने सुरों से माहौल में छत्तीसगढ़ी रंग घोलेंगे। वहीं कविता वासनिक ‘अनुराग धारा’ कार्यक्रम के तहत अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति देंगी और तिलकराज साहू ‘लोकधारा’ में पारंपरिक लोकगीतों की छटा बिखेरेंगे।
राज्योत्सव के मंच पर यह शाम बॉलीवुड और लोकसंस्कृति का अनोखा संगम पेश करेगी। आयोजन स्थल पर दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है, जो छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक संगीत के मेल का आनंद लेने के लिए उत्सुक हैं।
कार्यक्रम समिति के अनुसार, 5 नवंबर को भी प्रख्यात कलाकारों द्वारा विशेष प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी। राज्योत्सव के ये सांस्कृतिक कार्यक्रम न केवल मनोरंजन का माध्यम बन रहे हैं, बल्कि छत्तीसगढ़ की परंपराओं, लोकधारा और नई पीढ़ी के रचनात्मक उत्साह का जीवंत प्रतीक भी बन रहे हैं।



