छत्तीसगढ़ के 25 साल पूरे: राज्यपाल रमेन डेका बोले – यह गर्व और नए संकल्प का अवसर, नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ की दिशा में तेजी से बढ़ रहा राज्य

रायपुर, 03 नवंबर 2025।छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव के दूसरे दिन राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होना हम सभी के लिए गर्व का क्षण है। यह रजत जयंती वर्ष बीते सफर को याद करने और भविष्य के लिए नए संकल्प लेने का अवसर है।
राज्यपाल ने कहा कि वर्ष 2000 में जब छत्तीसगढ़ का गठन हुआ, तब यह उम्मीदों और चुनौतियों से भरा राज्य था। पिछले पच्चीस वर्षों में राज्य ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, बिजली, सड़क और संस्कृति सहित हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ एक युवा राज्य है, जिसने अपनी प्रतिभा और मेहनत से देशभर में एक विशिष्ट पहचान बनाई है।
राज्यपाल ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी और राज्य निर्माण का सपना साकार करने वाले सभी महापुरुषों को नमन किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को बधाई देते हुए राज्यपाल ने कहा कि राज्य शासन द्वारा जनकल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि, जनजातीय समाज, महिलाएं और युवा वर्ग सशक्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान, प्राकृतिक संपदा और मेहनती जनता इस राज्य की सबसे बड़ी पूंजी हैं।
नक्सल समस्या पर बात करते हुए राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से छत्तीसगढ़ अब नक्सलमुक्त होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिन इलाकों में कभी भय और हिंसा का माहौल था, वहां अब सड़कों का निर्माण हो रहा है, स्कूल खुल रहे हैं और बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई है।
राज्यपाल ने कहा कि हमारे किसान, मजदूर, युवा और महिलाएं इस राज्य की असली ताकत हैं। उनकी मेहनत और संकल्प ही छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर और प्रगतिशील बनाएंगे। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि रजत जयंती वर्ष में हम सब यह संकल्प लें कि आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ सुशासन, विकास और भाईचारे का आदर्श राज्य बने।
राज्यपाल ने छत्तीसगढ़ राज्योत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर स्वागत उद्बोधन संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव ने दिया और आभार प्रदर्शन कार्यक्रम के संचालक विवेक आचार्य ने किया। राज्यपाल ने समारोह में प्रस्तुति देने वाले गायक आदित्य नारायण, पद्मश्री डोमार सिंह सहित अन्य कलाकारों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, साहित्य अकादमी संस्कृति परिषद के अध्यक्ष शशांक शर्मा, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन सहित बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।



