छत्तीसगढ़
Trending

नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन का उद्घाटन करते हुए पीएम मोदी बोले – यह लोकतंत्र का तीर्थ स्थल, अटल जी का सपना हुआ साकार, राम से राष्ट्र तक की भावना से आगे बढ़ रहा है नया छत्तीसगढ़

नवा रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि “यह भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि लोकतंत्र का तीर्थ स्थल है, जिसमें जनता की आवाज़, पारदर्शिता और जवाबदेही गूंजती रहेगी।”

कार्यक्रम में राज्यपाल रमन डेका, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत उपस्थित थे।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा का यह दिन स्वर्णिम शुरुआत का दिन है। उन्होंने याद किया कि एक कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने छत्तीसगढ़ में लंबे समय तक काम किया और यहां की भूमि ने उन्हें बहुत कुछ सिखाया। उन्होंने राज्य की 25 वर्ष की यात्रा को ‘जन-आकांक्षा, जन-संघर्ष और जन-गौरव का उत्सव’ बताया।

मोदी ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए कहा, “अटल जी देखिए, आपका सपना साकार हो रहा है। आपने जिस छत्तीसगढ़ की कल्पना की थी, वह आज आत्मविश्वास से भरा और विकास की ऊंचाइयों को छू रहा है।”

प्रधानमंत्री ने नए विधानसभा भवन को राज्य की संस्कृति और लोकपरंपराओं का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि इस भवन की दीवारों में गुरु घासीदास जी, माता शबरी, संत कबीर और महाप्रभु वल्लभाचार्य जी के आदर्शों की झलक है। साथ ही उन्होंने बस्तर की कला और मुरिया दरबार की लोकतांत्रिक परंपरा का भी विशेष उल्लेख किया।

रमन सिंह की भूमिका की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “क्रिकेट में तो कप्तान खिलाड़ी बनकर भी खेलता है, लेकिन राजनीति में ऐसा कम देखने को मिलता है। रमन सिंह जी इसका प्रेरणादायक उदाहरण हैं।”

मोदी ने ‘राम से राष्ट्र’ का मंत्र दोहराते हुए कहा कि भगवान राम के आदर्श सुशासन, सामाजिक न्याय और जनकल्याण की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा, “रामराज का अर्थ है — सबका साथ, सबका विकास। जहां कोई गरीब या दुखी न हो, जहां हर व्यक्ति स्वस्थ और सम्मानित जीवन जी सके।”

प्रधानमंत्री ने नक्सलवाद पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “भारत आज नक्सलवाद और आतंकवाद को समाप्त करने की दिशा में निर्णायक कदम बढ़ा रहा है। ऑपरेशन सिंदूर ने आतंक की कमर तोड़ दी है।”

अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में छत्तीसगढ़ की भूमिका अहम होगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे ऐसी व्यवस्था बनाएं जो पूरे देश को प्रेरित करे।

उन्होंने कहा, “यह विधानसभा केवल कानून बनाने का स्थान नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के भाग्य निर्माण का प्रखर केंद्र है। हर निर्णय में जनसेवा, विकास और विश्वास झलकना चाहिए।”

प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह को इस कल्पना को साकार करने के लिए बधाई दी और कहा — “जय भारत, जय छत्तीसगढ़।”

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button