कोरबा में मालगाड़ी पर पथराव : लोको पायलट घायल… बालको रूट पर जाने से ड्राइवरों ने किया इनकार!

कोरबा के बालको रेलवे ट्रैक पर रविवार देर रात फिर हंगामा मच गया। डेंगूरनाला पुल और सीएसईबी चौक के बीच जब मालगाड़ी बालको प्लांट से स्टेशन लौट रही थी, कुछ असामाजिक तत्वों ने इंजन पर जमकर पथराव कर दिया। पथराव इतना जोरदार था कि इंजन की खिड़की का कांच टूटकर सीधे लोको पायलट ओपी आदिले के सिर में जा लगा और वे घायल हो गए। उसी समय इंजन में मौजूद असिस्टेंट लोको पायलट सुनील कुमार भी दहशत में आ गए।
घटना के बाद दोनों ने स्टेशन पहुंचकर स्टेशन मास्टर को पूरी जानकारी लिखित में दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे के साइड इंचार्ज ने बालको थाना में शिकायत दर्ज करा दी है। पुलिस अब इस मामले को असामाजिक तत्वों की हरकत मानकर जांच में जुट गई है।
😰 लोको पायलटों में खौफ का माहौल
बालको रूट पर पहले भी कई बार कोयला चोरों द्वारा मालगाड़ियों को रोककर कोयला गिराने की घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे में यह हमला फिर से सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है।
🚫 ड्यूटी से इंकार, रेलवे के सामने नई चुनौती
हमले के बाद लोको पायलटों ने बालको रूट पर जाने से इनकार कर दिया है। रात में कोयला ढुलाई के लिए तैयार मालगाड़ियां स्टेशन पर ही अटकी रहीं। इस वजह से रेलवे प्रबंधन की चिंता बढ़ गई है और सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग जोर पकड़ रही है।
👉 अब पुलिस की कार्रवाई पर निगाहें
रेलवे और लोको पायलटों की सुरक्षा कैसे होगी और पथराव करने वाले कब पकड़ में आएंगे, यह बड़ा सवाल बना हुआ है। फिलहाल इस घटना से रेलवे कर्मचारियों में दहशत और गुस्सा दोनों साफ देखा जा रहा है।



