दिव्यांग बच्चों संग दीपावली की खुशियां बांटते हुए बोले CM विष्णुदेव साय: दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए सरकार पूरी तरह संकल्पित

रायपुर, 26 अक्टूबर 2025/ राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में आयोजित छत्तीसगढ़ सीमेंट ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के दीपावली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिव्यांगजनों के साथ खुशियां साझा कर कार्यक्रम को भावनाओं की जगमगाती रोशनी से भर दिया। उन्होंने दिव्यांग बच्चों के साथ समय बिताया, साइन लैंग्वेज सीखी और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि रायपुर में 5 एकड़ भूमि पर दिव्यांगजनों के लिए सर्व सुविधायुक्त पार्क का निर्माण किया जाएगा, जहां उनके लिए खेल, मनोरंजन और पुनर्वास की सभी व्यवस्थाएं होंगी। उन्होंने कहा कि राज्य में दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने से लेकर स्वरोजगार हेतु ऋण तक की व्यवस्था की जा रही है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।

कोंपलवाणी और अर्पण संस्था के बच्चों ने साइन लैंग्वेज का शानदार प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। मुख्यमंत्री भी बच्चों के इशारों को दोहराते दिखे और उनसे गुड मॉर्निंग व गुड आफ्टरनून जैसे शब्द सीखकर उनसे आत्मीयता जताई।
कार्यक्रम में पैरों से पेंटिंग करने वाले कलाकार गोकर्ण पाटिल की कृति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्यमंत्री ने उनकी कला की प्रशंसा करते हुए उत्साहवर्धन किया और दिव्यांगजनों को गर्म कपड़े बांटे।

इस मौके पर महाराष्ट्र और त्रिपुरा के पूर्व राज्यपाल रमेश बैस ने दिव्यांग बिल के माध्यम से देशभर में बढ़ाई गई सुविधाओं को याद किया और कहा कि दिव्यांगजनों की चुनौतियों को समझकर समाधान की दिशा में काम करना बेहद जरूरी है।
वनमंत्री केदार कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी रजत जयंती मना रहा है और जीएसटी में कमी के कारण इस बार दीपावली और भी रोशन हुई है। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा और कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने भी कार्यक्रम में अपनी शुभकामनाएं दीं और एसोसिएशन के सामाजिक कार्यों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य लेकर राज्य आगे बढ़ रहा है। भारतमाला परियोजना के अंतर्गत रायपुर से विशाखापत्तनम और रायपुर से धनबाद को जोड़ने वाले मार्गों का तेजी से विस्तार प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
कार्यक्रम में विधायक इंद्र कुमार साहू, रायपुर की महापौर मीनल चौबे, एसोसिएशन के अध्यक्ष अंजय शुक्ला सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।



