क्रिटिकॉन रायपुर-2025: हर जिले में बढ़ेगी क्रिटिकल केयर सुविधा, CM साय बोले “सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता”

रायपुर। 25 अक्टूबर 2025। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेशवासियों को सस्ती और गुणवत्ता पूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वे आज नवा रायपुर स्थित एक निजी होटल में आयोजित क्रिटिकल केयर पर आधारित राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस क्रिटिकॉन रायपुर-2025 में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रिटिकल केयर मेडिसिन गंभीर परिस्थितियों में मरीजों को जीवन देने वाला उपचार है। इसलिए राज्य सरकार ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में अस्पतालों तथा अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर इकाइयों के विस्तार पर विशेष फोकस कर रही है। उन्होंने बताया कि नवा रायपुर अटल नगर में मेडिसिटी और फार्मा हब विकसित किया जा रहा है, जिससे प्रदेश स्वास्थ्य सुविधा के क्षेत्र में एक मजबूत केंद्र के रूप में उभरेगा।
सीएएम ने आयोजन के लिए रामकृष्ण केयर ग्रुप की टीम को बधाई दी और कहा कि छत्तीसगढ़ चिकित्सा उत्कृष्टता का हब बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
रायपुर में आयोजन गौरव की बात: विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि क्रिटिकल केयर जैसे महत्वपूर्ण विषय पर राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस की मेजबानी रायपुर को मिलना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स जैसी नई तकनीकें स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांतिकारी बदलाव ला रही हैं, जिससे नया भारत नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि हर जिले और बड़े अस्पताल में क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापित होना समय की जरूरत है। केंद्र और राज्य सरकार इस दिशा में निरंतर प्रयासरत हैं। आयुष्मान योजना के माध्यम से 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार ने आम जनता को बड़ी राहत दी है।
सम्मानित हुए उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले डॉक्टर
कार्यक्रम में देश-विदेश और प्रदेश के ऐसे डॉक्टरों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने क्रिटिकल केयर के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान की हैं। इस अवसर पर रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल के संचालक डॉ. संदीप दवे, केयर ग्रुप के सीईओ वरुण खन्ना सहित 1300 से अधिक डॉक्टर उपस्थित थे।



