बिलासपुर में दिवाली के बाद बुलडोजर की वापसी… छोटे व्यापारियों पर सख्ती, बड़े कब्जाधारियों पर मेहरबानी का आरोप

बिलासपुर, 25 अक्टूबर 2025 / दिवाली की रोशनी ढलते ही नगर निगम का बुलडोजर एक बार फिर सड़कों पर उतर आया। शनिवार 25 अक्टूबर को जवाली नाले के पास बनाए गए दुकानों और मकानों को अतिक्रमण बताकर जमींदोज किया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने निगम की कार्रवाई पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
लोगों का कहना था कि बड़े कारोबारियों के अवैध निर्माण पर निगम चुप्पी साधे बैठा है, जबकि छोटे व्यापारियों के सपनों पर बुलडोजर चढ़ा दिया जा रहा है।
6 महीने पहले हुए थे नोटिस, फिर भी नहीं रुकी दांव-पेंचबाजी
नजूल भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत के बाद निगम और राजस्व विभाग ने सीमांकन कराया और 44 कब्जाधारियों को नोटिस जारी किया था। लेकिन कार्रवाई बीच में ही ठंडी पड़ गई, बताया गया कि राजनीतिक दबाव और विरोध प्रदर्शन के चलते कार्रवाई रोकनी पड़ी।
सिंधी समाज को टारगेट करने का आरोप, मेयर पहले ही जता चुकीं नाराजगी
पिछली कार्रवाई के दौरान व्यापारियों ने यह आरोप लगाया था कि सिंधी समाज के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। इस शिकायत के बाद मेयर पूजा विधानी ने निगम अधिकारियों को फटकार लगाई थी और बुलडोजर ऑपरेशन को रुकवाया था। इसके बाद करीब एक महीने तक मामला ठंडा रहा।
दिवाली के बाद फिर से तहलका, पुलिस की मौजूदगी में चला बुलडोजर
25 अक्टूबर को बुलडोजर की घरघराहट फिर सुनाई दी। पुलिस बल की मौजूदगी में टीम पहुंची और अवैध कब्जों पर कार्रवाई की। विरोध करते हुए व्यापारियों ने कहा:
“बड़े कब्जाधारी बच जाते हैं और छोटे लोगों पर निगम टूट पड़ता है”
यहां तो 2 मंजिल की अनुमति… खड़ी कर दी 4 मंजिला इमारत!
सबसे बड़ा सवाल एक व्यापारी प्रकाश आडवाणी पर है। आरोप है कि उन्होंने:
• आवासीय नक्शा पास कराया
• लेकिन चार मंजिला कमर्शियल कॉम्प्लेक्स बना डाला
• नाले की बाउंड्री तक लगभग 15 मीटर सरकारी जमीन पर कब्जा
• नाले की तरफ अवैध एंट्री गेट भी तैयार
लोग पूछ रहे हैं, नियमों का उल्लंघन इतनी ऊंचाई तक कैसे पहुंच गया?
“नियमों से कोई ऊपर नहीं”… निगम अफसरों की सफाई
भवन शाखा प्रभारी अनुपम तिवारी ने कहा:
“सरकारी जमीन पर अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ सख्ती जारी है।
जिनके पास अनुमति नहीं है, उनको नोटिस देकर कार्रवाई की जाएगी।”
सवाल वही… जवाब अभी तक अधूरा
छोटे कारोबारियों के आंसुओं के बीच और बड़े बिल्डिंगों की ऊंचाई के पीछे, कहानी फिर वहीं जाकर अटक गई:
• क्या बुलडोजर सिर्फ कमजोरों पर चलेगा?
• क्या बड़े कब्जाधारियों पर भी कार्रवाई होगी?
• क्या इस बार नियम सब पर समान रहेंगे?
जो भी हो… बिलासपुर के जवाली नाले में अतिक्रमण की गाथा अभी खत्म नहीं हुई है। आगे भी बुलडोजर की गड़गड़ाहट सुनाई दे सकती है।



