महिला थाने के सामने बुजुर्ग ने पी लिया जहर, मेकाहारा में हालत गंभीर — पहले भी झगड़े और सुसाइड नोट लिखने का मामला आया था सामने

रायपुर, 18 अक्टूबर 2025: राजधानी रायपुर के बैरनबाजार चौक स्थित महिला थाने के सामने शनिवार दोपहर एक बुजुर्ग ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या की कोशिश की। चंगोराभाठा निवासी 55 वर्षीय राजेश श्रीवास अचानक थाने के बाहर हंगामा करते हुए उल्टियां करने लगा। पुलिस स्टाफ ने तुरंत स्थिति संभालते हुए एम्बुलेंस बुलाकर उसे मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बुजुर्ग के हाथ में कीटनाशक की बोतल थी और वह लगातार बड़बड़ा रहा था कि “वह बड़ा धमाका करेगा।” पुलिस को सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी शिवनारायण सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि राजेश श्रीवास लंबे समय से नशे की लत से जूझ रहा है और आए दिन घर में गालीगलौज व झगड़ा करता है। कई बार आत्महत्या की धमकी भी दे चुका है और सुसाइड नोट लिख चुका है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, हालांकि कीटनाशक पीने के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
इसी थाने के सामने सितंबर में भी आत्मदाह की घटना
गौरतलब है कि सितंबर महीने में भी इसी महिला थाने के सामने कैलाशपुरी निवासी धनगर परिवार की एक विवाहित महिला ने खुद को आग लगाकर जान दे दी थी। बताया गया था कि महिला पहले पुरानी बस्ती थाने में पति शिवम गोस्वामी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंची थी, लेकिन उसे महिला थाने भेज दिया गया। आत्मदाह के बाद पुलिस ने पति के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया था।
अब महिला थाने के सामने यह दूसरी बड़ी आत्मघाती घटना होने से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है। फिलहाल दोनों ही मामलों की जांच जारी है।



