CM विष्णुदेव साय भंडारपुरी धाम में गुरु दर्शन एवं संत समागम मेला में शामिल होंगे, 162.28 करोड़ के विकास कार्यों का करेंगे भूमिपूजन

00सतनामी समाज को मिलेगा राजागुरु गुरु बालदास साहेब का मार्गदर्शन00
भंडारपुरी धाम/खरोरा/आरंग/रायपुर: परम् पूज्य गुरु घासीदास बाबा जी के कर्मस्थली भंडारपुरी धाम में 3 अक्टूबर को आस्था, विश्वास और भक्ति का अद्वितीय संगम देखने को मिलेगा। देशभर से संत समाज एवं मानव समाज के श्रद्धालु गुरु दर्शन एवं संत समागम मेला में शामिल होंगे और परम् पूज्य गुरु घासीदास बाबा जी एवं गुरु परिवार से आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। यह धाम सतनामी पंथ का प्रमुख केंद्र है और यह मेला गुरु घासीदास बाबा जी के पुत्र गुरु बालकदास साहेब जी के गद्दीनशीन होने की स्मृति में हर साल आयोजित होता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भंडारपुरी धाम में 162.28 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे और छत्तीसगढ़ में विकास की ऐतिहासिक नींव रखेंगे। इस कार्यक्रम में राज्य के वरिष्ठ नेता और गणमान्य व्यक्तियों की भी उपस्थिति रहेगी, जिनमें विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, ओ.पी. चौधरी, टंकराम वर्मा, दयालदास बघेल, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, कमलेश जांगड़े, पूर्व मंत्री एवं विधायक पुन्नुलाल मोहले, विधायक डोमनलाल कोर्सेवाडा, भाजपा नेता नवीन मार्कंडे, सनम जांगड़े, श्याम नारंग आदि शामिल होंगे।
सतनामी समाज के आदेशक निर्देशक एवं धर्मरक्षक राजागुरु, धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब जी के सानिध्य में बाबा गुरु ढालदास साहेब, गुरु मकसूदन साहेब, गुरु सोमेश बाबा, गुरु खुशवंत साहेब, गुरु सौरभ साहेब मोतीमहल से घोड़ा बग्गी में रैली निकालकर धर्ममंच पर पहुंचेंगे और मानव समाज को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। गुरु परिवार द्वारा गुरु गद्दी की पूजा अर्चना के साथ समस्त मानव समाज के कल्याण एवं सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी।
भंडारपुरी धाम पंथी के धुन, अखाड़ा के पराक्रम, सतनाम मंगल भजन और सांस्कृतिक संध्या के साथ विभिन्न कार्यक्रमों से भव्य और दिव्य वातावरण से आलोकित होगा। इस स्वर्णिम अवसर का साक्षी बनने और पुण्यलाभ प्राप्त करने के लिए सभी संत समाज एवं मानव समाज को आमंत्रित किया गया है।



