सिलयारी में विधायक अनुज शर्मा ने किया लाखों के विकास कार्यों का लोकार्पण, महात्मा गांधी प्रतिमा का भी भव्य उद्घाटन

धरसींवा। धरसींवा विधानसभा के ग्राम पंचायत कुरूद सिलयारी में मंगलवार को एक विशेष अवसर रहा। महात्मा गांधी की जयंती और विजय दशमी के दिन, विधायक अनुज शर्मा ने लाखों रुपये की लागत वाले विकास कार्यों का भूमि पूजन किया।
इस मौके पर सबसे प्रमुख रहा नवीन आंगनबाड़ी भवन का भूमि पूजन। इसके साथ ही तीन साल पहले खंडित हुई महात्मा गांधी की प्रतिमा को नया स्वरूप देकर स्थापित किया गया और उसका भव्य लोकार्पण किया गया।

विधायक अनुज शर्मा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा, “आज हम सत्य और अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी जी की जयंती और विजय दशमी का महापर्व एक साथ मना रहे हैं। जैसे दशहरे पर राम ने रावण का वध किया, वैसे ही गांधी जी ने सत्याग्रह से अन्याय को पराजित किया। इस नए आंगनबाड़ी भवन के माध्यम से हम गाँव में शिक्षा, स्वास्थ्य और समरसता की स्थापना करेंगे।”
ग्राम सरपंच रूखमणी साहू ने भी विधायक अनुज शर्मा का आभार व्यक्त किया और कहा कि विधायक के सहयोग और ग्रामवासियों की एकजुटता से कुरूद सिलयारी को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा।

इस अवसर पर विधायक के साथ जिला पंचायत सदस्य सविता चंद्राकर, जनपद उपाध्यक्ष दिनेश खूँटे, पूर्व मण्डल अध्यक्ष डॉ. के. के. वर्मा, जनपद सदस्य विजय साहू, अरविंद ठाकुर, ग्राम सरपंच और उपसरपंच सहित पंच गण और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।



