छत्तीसगढ़

CM विष्णु देव साय ने नवरात्रि पर गरबा महोत्सवों में भाग लिया : मातारानी का किया दर्शन, प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी का किया आह्वान

रायपुर, 30 सितंबर 2025 मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर में विभिन्न गरबा महोत्सवों में शिरकत की और मातारानी का दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि उत्साह, उमंग और सद्भावना बढ़ाने का पर्व है, जो सामाजिक समरसता को मजबूत करता है और जन-जन में ऊर्जा का संचार करता है।

मुख्यमंत्री साय ने भानपुरी स्थित श्री कच्छ कड़वा पाटीदार समाज के आशीर्वाद भवन में आयोजित “झणकारो 2025”, इनडोर स्टेडियम में “रंगीलो रास 2025” तथा ओमाया पार्क में “रास गरबा उत्सव” में भाग लिया। आयोजनों में समाजजनों ने उन्हें पारंपरिक कच्छ पगड़ी पहनाकर और तिलक लगाकर स्वागत किया। गरबा की धुनों और रंगारंग माहौल में मुख्यमंत्री की उपस्थिति ने उत्साह और ऊर्जा का संचार किया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में देवी को विभिन्न स्वरूपों में पूजा जाता है, जैसे दंतेवाड़ा में मां दंतेश्वरी, धमतरी में मां अंगारमोती एवं बिलईमाता, सरगुजा और रतनपुर में मां महामाया, डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी। इन शक्तिपीठों का आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व प्रदेश की विशिष्ट पहचान को बढ़ाता है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नवरात्रि के पहले दिन जीएसटी सुधार लागू किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे व्यापार सुगम होगा और आम नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने लोगों से स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया, जिससे स्थानीय उत्पादन, स्वरोजगार और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को बल मिलेगा।

इस अवसर पर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, अनुज शर्मा, पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल, मंडल आयोग अध्यक्ष और समाज के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने कहा: “नवरात्रि उत्साह और उमंग का पर्व है, आइए हम सभी मिलकर सामाजिक समरसता और आर्थिक विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाएँ।”

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button