रायपुर में फिर वायरल हुआ ड्रग्स वीडियो, नाबालिग लड़का कार में लेता दिखा MDMA – पुलिस की गोपनीय जांच शुरू

रायपुर, 30 सितंबर 2025 राजधानी में एक बार फिर नशे का वीडियो वायरल हो गया है। सामने आए वीडियो में नाबालिग लड़का मोबाइल पर MDMA ड्रग्स की लाइन बनाता दिख रहा है। इसके बाद 100 रुपए के नोट को रोलिंग पेपर की तरह इस्तेमाल कर ड्रग्स को खींचता है। वीडियो में गैंग सॉन्ग का ऑडियो भी चल रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो सुंदर नगर इलाके का है।
सूत्रों के मुताबिक युवक गाड़ी में घूमते और गिफ्ट के साथ भी नजर आ रहा है। वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया था, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि यह वीडियो कब का है, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।
👉 पुलिस ने शुरू की जांच
फिलहाल रायपुर पुलिस ने इस मामले पर कोई अधिकृत बयान नहीं दिया है। लेकिन एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने गोपनीय जांच शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो की लोकेशन और युवक की पहचान करने में जुटी है।
👉 नागपुर-गोंदिया नेटवर्क हुआ एक्टिव
रायपुर पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद पंजाब-दिल्ली का पुराना नेटवर्क कमजोर पड़ा तो ड्रग्स सप्लाई के लिए नागपुर और गोंदिया का नेटवर्क एक्टिव हो गया है। यह नेटवर्क वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए ऑर्डर लेकर शहर में घूम-घूमकर सप्लाई कर रहा है।
सूत्र बताते हैं कि इस नेटवर्क के मूवमेंट हाल ही में भाठागांव, न्यू राजेंद्र नगर, मौदहापारा, समता कॉलोनी, वीआईपी रोड, बिरगांव और शंकर नगर इलाके में देखे गए हैं। यहां कस्टमर की डिमांड पर ड्रग्स की डिलीवरी की गई है।
👉 बड़े सप्लायर हुए अंडरग्राउंड
पुलिस कार्रवाई के बाद नशे के कारोबार में शामिल बड़े सप्लायर अंडरग्राउंड हो गए हैं, लेकिन अपने सिंडिकेट से जुड़े युवाओं के जरिए नेटवर्क को चालू रखे हुए हैं।



